Jul 27, 2024
HIMACHAL

देर रात जंगल में चल रही रेव पार्टी पर पुलिस की दबिश

 देर रात जंगल में चल रही रेव पार्टी पर पुलिस की दबिश, दो गिरफ्तार

 

देशआदेश

सार

जंगल में चल रही रेव पार्टी में 75 से 80 सैलानी और स्थानीय लोग शामिल थे। पुलिस को देखकर कुछ भाग गए, लेकिन दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के मणिकर्ण की पार्वती वैली के पुलगा जंगल में शनिवार देर रात चल रही रेव पार्टी पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देखकर सैलानी और स्थानीय लोग जंगल की ओर भाग गए, लेकिन दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पार्टी के आयोजक समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

 

पुलिस ने मौके से छह स्पीकर, एक लैपटॉप, कंट्रोलर, तीन एंप्लीफायर, एक जेनरेटर और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। पार्टी में 75 से 80 सैलानी और स्थानीय लोग शामिल थे। उप पुलिस अधीक्षक कुल्लू मोहन रावत की अगुवाई में थाना प्रभारी कुल्लू कुलवंत सिंह और अन्य जवानों ने दबिश दी।

 

गिरफ्तार पारनेम सर्व निवासी पिनांचिंग जिला चांडिल, मणिपुर से 4.58 ग्राम चरस और रघुवीर से 0.47 ग्राम नशीला पदार्थ (एमडीएमए), 1.94 ग्राम कोकीन और 6.48 ग्राम गांजा बरामद किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने बताया कि रेव पार्टी में आयोजक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।