Jul 27, 2024
POLITICAL NEWS

सीएम जयराम के काफिले को काले झंडे दिखाने पर भिड़े भाजयुमो और युकां कार्यकर्ता

 सीएम जयराम के काफिले को काले झंडे दिखाने पर भिड़े भाजयुमो और युकां कार्यकर्ता
देशआदेश
हिमाचल प्रदेश के राजकीय महाविद्यालय ऊना के समीप गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के काफिले को काले झंडे दिखाने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और युवा कांग्रेस (युकां) कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
पुलिस ने दोनों पक्षों को छुड़वाने की कोशिश की। इसी बीच युकां कार्यकर्ताओं को एक फास्ट फूड कॉर्नर में बंद कर बचाया गया। करीब आधा घंटा यहां माहौल तनावपूर्ण रहा।

बताया जा रहा है कि सोलन जाते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कुछ देर के लिए ऊना रेस्ट हाउस में रुके। इसकी भनक लगते ही युकां कार्यकर्ता ऊना कॉलेज के पास एनएच पर जमा हो गए। इसका पता चलते ही मौके पर पुलिस बल तैनात हो गया और कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। बावजूद इसके ये कार्यकर्ता सीएम के काफिले को काले झंडे दिखाने में कामयाब हो गए। इसी बीच भाजयुमो कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और बहस शुरू हो गई।

हंगामे के बीच छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को शांत किया और युकां कार्यकर्ताओं को भी चेताया।