Oct 18, 2024
POLITICAL NEWS

हिमाचल की भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करेगी कांग्रेस पार्टी

Himachal Politics: हिमाचल की भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करेगी कांग्रेस पार्टी

 

न्यूज़ देशआदेश

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित अधिकतर मंत्रियों, विधायकों और बोर्डों व निगम के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के खिलाफ चार्जशीट में संगीन आरोप लगाए गए हैं।

 

हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ शनिवार दोपहर बाद कांग्रेस अपनी चार्जशीट जारी करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित अधिकतर मंत्रियों, विधायकों और बोर्डों व निगम के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों के खिलाफ चार्जशीट में संगीन आरोप लगाए गए हैं। प्रदेश सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह, राकेश पठानिया, बिक्रम सिंह, सरवीण चौधरी, सुखराम चौधरी और गोविंद ठाकुर चार्जशीट में मुख्य निशाने पर रखे गए हैं। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस इस चार्जशीट को मुख्य मुद्दा बनाएगी। हर बार चुनाव के दौरान राजनीतिक दल ऐसी चार्जशीट राज्यपाल को सौंपते हैं। प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के चलते शनिवार को जारी होने वाली कांग्रेस की चार्जशीट राज्यपाल को सौंपे जाने पर अभी संशय है।

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में शनिवार को दोपहर बाद 4:00 बजे चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पवन खेड़ा और प्रदेश मीडिया प्रभारी अलका लांबा चार्जशीट जारी करेंगे। पार्टी नेताओं ने बताया कि चार्जशीट में जल शक्ति, वन, उद्योग, ऊर्जा, गृह, स्वास्थ्य, खेल एवं युवा सेवाएं, पर्यटन, परिवहन, सामाजिक न्याय, शिक्षा और विधानसभा सचिवालय में हुआ भ्रष्टाचार उजागर किया गया है।

कोरोना संकट के दौरान हुए पीपीई किट और सैनिटाइजर घोटाला, पुलिस भर्ती का पेपर लीक मामला, नकली शराब से हुई मौतों का मामला और फर्जी डिग्री मामला भी चार्जशीट में उठाया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न निगमों, बोर्डों, विश्वविद्यालयों और आयोगों में हुई भर्तियों को भी चार्जशीट में शामिल किया गया है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने बताया कि भाजपा सरकार ने बीते पांच वर्ष के कार्यकाल में जमकर भ्रष्टाचार किया है। भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देकर युवाओं को नौकरियों से दूर रखा। चुनाव प्रचार में जनता को भाजपा के इन सब कारनामों से अवगत कराया जाएगा।

6 नवंबर के बाद चुनाव प्रचार को आएंगे मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे छह नवंबर के बाद हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। पार्टी नेताओं ने खरगे की प्रदेश में तीन से चार जगह जनसभाएं करने की योजना तैयार की है।