छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में शिक्षक दोषी

छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में शिक्षक दोषी

हिमाचल: शिक्षा विभाग ने अनिवार्य सेवानिवृत्ति के दिए आदेश

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के एक सरकारी स्कूल में तैनात जेबीटी अध्यापक को छात्रा से छेड़छाड़ करने के मामले में दोषी पाया गया है। शिक्षा विभाग ने जांच पूरी होने के बाद अब इस अध्यापक को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी है। विभाग ने इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं।

 

 

मामला शिक्षा खंड सुंड़ला के तहत एक प्राथमिक स्कूल का है। शिक्षक पर आरोप है कि वह छात्रा के साथ छेड़छाड़ करता था। शिकायत शिक्षा विभाग के पास पहुंची। जांच के दौरान विभाग की ओर से हरेक पहलू की बारीकी से जांच की गई और जांच के बाद अब शिक्षक दोषी पाया गया है। विभाग ने भी इस मामले में कार्रवाई करते हुए शिक्षक को समय से पहले अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी है।

 

जानकारी के अनुसार यह मामला अक्तूबर 2025 में सामने आया था। छात्रा ने इस मामले की शिकायत अपने परिजनों से की। इसके बाद परिजनों ने शिक्षा विभाग तक यह मामला पहुंचाया।

 

इस दौरान छात्रा ने शिकायत में बताया कि स्कूल में तैनात जेबीटी अध्यापक उससे छेड़छाड़ करता है। विभाग की ओर से इस मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई। टीम ने इस मामले की जांच के लिए जहां छात्रा से पूछताछ की,

 

 

वहीं अध्यापक से भी पूछताछ की। इस मामले में पूरी रिपोर्ट तैयार की गई और प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा के कार्यालय में भेजी। इसके बाद अब विभाग की ओर से अध्यापक के दोषी पाए जाने पर अग्रिम कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में एक शिक्षक को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी गई है।

 

इसके बारे में आदेश जारी कर दिए गए हैं। विभागीय जांच पूरी होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

 

 

 

 

Related posts