एनएच-707 पर जर्जर गिरिपुल हादसों को दे रहा दावत
राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (बद्रीपुर-गुम्मा) पर स्थित गिरि नदी का पुल इन दिनों बेहद जर्जर हालत में है। पुल के दोनों छोर की प्लेटें टूटने से यह वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि 1400 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस एनएच पर स्थित इस महत्वपूर्ण पुल की सुध लेने वाला कोई नहीं है और मरम्मत को लेकर एनएच व लोक निर्माण विभाग पल्ला झाड़ रहे हैं।

एनएच विभाग के सहायक अभियंता मनीष ने यह पुल को एनएच विभाग ने अपने अधीन नहीं लिया है, कह कर अपना पल्ला छाड़ लिया है। हालांकि पुल का स्थायी समाधान ढूंढा जा रहा है। स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग के मैकेनिकल विंग से बातचीत चल रही है।

अंबिवाला–कंडेला सड़क का निर्माण कार्य अधर में लटका
ग्राम पंचायत कंडेला अदवाड़ में 58 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत अंबिवाला–कंडेला सड़क का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। पिछले वर्ष शुरू हुआ यह कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। अधूरी सड़क के कारण लोगों को रोजाना धूल, गड्ढों और जोखिमभरे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण कार्य कंडेला की एससी बस्ती से शुरू किया गया था। शुरुआती चरण में कुछ हिस्सों में इंटरलॉक टाइल्स बिछाई गईं, लेकिन इसके बाद कार्य ठप पड़ गया। सड़क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कंडेला वन बीट क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां अब भी कई स्थानों पर सड़क कच्ची पड़ी है। जगह-जगह मिट्टी के ढेर, भूमि कटाव और उड़ती धूल से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के किनारे बनाई जाने वाली सुरक्षा दीवारें भी अधूरी पड़ी हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि कुछ हिस्सों की मरम्मत गांव के पूर्व प्रधान अमर सिंह ने अपने निजी खर्च पर करवाई, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से निर्माण कार्य पूरा करने की मांग की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासी और वाहन चालक सुरजीत सिंह, रमेश चंद, अत्तर सिंह, नीटू और अमर सिंह ने पंचायती राज विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। वहीं स्वीकृत बजट का सही उपयोग सुनिश्चित हो।
पंचायत के पूर्व उपप्रधान रंजीत सिंह ने बताया कि करीब 600 मीटर से डेढ़ किलोमीटर तक प्रस्तावित इंटरलॉक टाइल्स का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

विकास खंड अधिकारी विकास बंसल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में लाया गया है। सोमवार को कनिष्ठ अभियंता समेत संबंधित लोगों से इस बारे में जानकारी ली जाएगी। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा पाई जाती है तो उसका समाधान करवाकर आगे की आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी

