मंत्री के बयान के बाद सियासी घमासान, कहा कि हम डरने वाले नहीं
मंत्री बोले- हमारे प्यार को कमजोरी समझें, अड़ंगा डालने वालों को बख्शेंगे नहीं
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की ओर से अफसरों पर की गई टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान मचा है। विक्रमादित्य सिंह अपने बयान पर अडिग हैं। शुक्रवार को विक्रमादित्य ने कहा कि हम सबसे विनम्रता में बात करने पर विश्वास रखते हैं। अगर बिना मतलब से कोई अड़ंगा डालेगा और प्रॉब्लम क्रिएट करेगा, प्रदेश हित में उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं।
हमारा स्वभाव रहा है कि बात विनम्रता से की जाए। अगर कोई व्यक्ति हमारे प्यार को कमजोरी समझने की गुस्ताखी करने की कोशिश करेगा, उसे सहन नहीं किया जाएगा। मंत्री के इस बयान से हिमाचल की राजनीति में फिर हलचल मच गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दिल्ली दौरे पर हैं। उनके शिमला लौटने पर ही इस पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रदेश कैबिनेट की बैठक 19 जनवरी को होगी। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य पहले ही कह चुके हैं कि अगर मुख्यमंत्री इस बारे में पूछेंगे, उन्हें इस बारे में बताया जाएगा। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कैबिनेट के एजेंडे के अलावा इस मामले में चर्चा हो सकती है।
मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि मंत्री स्वयं ठीक हों तो अधिकारी अपने आप ठीक ढंग से काम करते हैं। विधायक सुरेश कुमार हमीरपुर में शुक्रवार को जिला कल्याण समिति की बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को नियंत्रित करना मंत्री का कार्य होता है। यदि कोई मंत्री यह भूमिका ठीक से नहीं निभा पा रहा है, तो उसे दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने भीतर झांककर देखना चाहिए कि कहीं कमी स्वयं में तो नहीं है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व शीर्ष पर होता है और वही कार्यों को दिशा देने का काम करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी और कर्मचारी नेतृत्व द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कार्य करते हैं। यदि कोई मंत्री स्पष्ट और प्रभावी दिशा-निर्देश देने में सक्षम नहीं है, तो उसे इस विषय पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए। इससे पहले विक्रमादित्य सिंह के बयान पर पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी उन्हें घेर चुके हैं। अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बेहद करीबी माने जाने वाले विधायक सुरेश कुमार ने उन्हें नसीहत दे डाली है।

