मालगी में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने लगाया वित्तीय साक्षरता शिविर
ऋण, बीमा, बचत योजनाओं और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी
देशआदेश। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सतोन शाखा द्वारा “ग्राम पंचायत सेचुरेशन कैंपेनिंग” के तहत ग्राम पंचायत मालगी के प्रांगण में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता बैंक के सह प्रबंधक शमशेर सिंह ने की, जबकि बैंक कर्मचारी अमर सिंह भी उपस्थित रहे।
शिविर में सह प्रबंधक शमशेर सिंह ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी ऋण एवं बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बचत योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पिन और ओटीपी की गोपनीयता बनाए रखने की सलाह दी।
उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जुड़ने का आह्वान किया। शिविर में उपस्थित लोगों ने वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी को उपयोगी बताते हुए बैंक का आभार व्यक्त किया।
