उद्योग मंत्री से मिले कंडेला-अदवाड़ पंचायत के प्रतिनिधिमंडल
देशआदेश/पांवटा साहिब।
ग्राम पंचायत कंडेला-अदवाड़ में लंबे समय से पंचायत सचिव का पद रिक्त चलने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसी समस्या को लेकर उपप्रधान संजय शर्मा के नेतृत्व में पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल आज पांवटा साहिब विश्रामगृह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से मिला और उन्हें पंचायत की समस्याओं से अवगत करवाया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पंचायत में नियमित सचिव न होने के कारण रोजमर्रा के पंचायत कार्यों के साथ-साथ शैल्फ, प्रस्ताव तैयार करने और विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित प्रक्रियाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इसके चलते पंचायत में विकास कार्य लगभग ठप पड़े हैं और ग्रामीणों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उपप्रधान संजय शर्मा, धनवीर सिंह, जगत राम, इंदर सिंह, रंगी लाल चौहान, अमर सिंह, मदन सिंह और रामलाल सहित अन्य प्रतिनिधियों ने उद्योग मंत्री को बताया कि पंचायत में लंबे समय से नियमित सचिव की नियुक्ति नहीं हुई है। उन्होंने जल्द से जल्द पंचायत में सचिव की तैनाती करने की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना और जल्द ही पंचायत में नए सचिव को डेप्युट करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का समस्या के समाधान का आश्वासन देने के लिए आभार जताया।
