Sep 16, 2024
HIMACHAL

हिमाचल में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने पर प्रस्ताव पारित

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हिमाचल में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने पर प्रस्ताव पारित

मुख्यमंत्री बोले- आपदा प्रभावितों को निशुल्क एलपीजी किट और राशन देगी हिमाचल सरकार

 

आपदा राहत व बचाव कार्यों में योगदान के लिए होगा सम्मान समारोह

न्यूज़ देशआदेश

हैदराबाद में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुई तबाही पर मांग की गई कि मोदी सरकार इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करे, जिससे प्रदेश को प्रचुर आर्थिक मदद मिल सके।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की नई कार्यसमिति की शनिवार से हैदराबाद में शुरू हुई पहली बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी शामिल हुए।

इस बैठक में पहला शोक प्रस्ताव केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के देहांत पर पारित किया गया है। दूसरा प्रस्ताव मणिपुर में हुई हिंसा पर पारित हुआ। तीसरा प्रस्ताव हिमाचल की आपदा पर हुआ।

सुक्खू ने कांग्रेस कार्यसमिति को प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा और सरकार की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों से अवगत कराया।

इस बैठक में मुख्यमंत्री सुक्खू को प्रियंका गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री के साथ जगह मिली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से राजनीतिक और प्रदेश हित के मुद्दों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी का पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने के लिए धन्यवाद किया। प्रियंका ने शुक्रवार को ही मोदी को पत्र लिखकर हिमाचल में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है।

 

मुख्यमंत्री बोले- आपदा प्रभावितों को निशुल्क एलपीजी किट और राशन देगी हिमाचल सरकार

 

प्रभावितों को एक एलपीजी सिलिंडर, प्रेशर रेगुलेटर, हॉट प्लेट, सुरक्षा पाइप मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कदम से प्रभावित परिवारों को बिना वित्तीय बोझ के खाना पकाने समेत अन्य सुविधाएं मिलेंगी। राशन पैकेज में 20 किलोग्राम गेहूं आटा, 15 किलोग्राम चावल, तीन किलोग्राम दाल, एक लीटर सरसों का तेल, एक लीटर सोया रिफाइंड तेल, एक किलोग्राम डबल फोर्टिफाइड नमक और दो किलोग्राम चीनी शामिल है।

 

आपदा राहत व बचाव कार्यों में योगदान के लिए होगा सम्मान समारोह

हाल ही में भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के दौरान राहत व बचाव कार्यों में योगदान करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों को समर्थ-2023 अभियान के तहत सम्मानित किया जाएगा।अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यह अभियान 1 से 15 अक्तूबर तक चलाएगा, जिसमें लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाएगा।

5 अक्तूबर, 2023 तक इन पुरस्कारों के लिए पात्र लोग, संस्थाएं और संगठन नामांकन कर सकते हैं। विजेताओं को एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सम्मानित करेंगे। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि पात्रों की पहचान और नामांकन के लिए विभागाध्यक्षों एवं संबंधित जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।