Sep 8, 2024
LOCAL NEWS

महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान

महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान 

पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के बारे में विद्यार्थियों को दी जानकारी

देशआदेश

राजकीय महाविद्यालय भरली में सड़क सुरक्षा क्लब के द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 7 फरवरी से 9 फरवरी 2024 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस दौरान महाविद्यालय में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इसमें सर्वप्रथम 7 फरवरी 2024 को आयुर्वैदिक मेडिकल ऑफिसर नघेता डॉक्टर पायल ठाकुर ने फर्स्ट एड विषय पर विद्यार्थियों के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कोई भी दुर्घटना होने की स्थिति में फर्स्ट ऐड देकर किस प्रकार अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है। इसके बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।

डॉक्टर पायल ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना में शारीरिक चोट लगने के बाद पहला घंटा बहुत महत्वपूर्ण होता है, उस दौरान पीड़ित व्यक्ति को यदि तत्काल और समुचित प्राथमिक चिकित्सा दी जाए तो बहुत सारी अनमोल जिंदगियों को को बचाया जा सकता है।

उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा के संबंध में एबीसी तकनीक तथा सीआरपी तकनीक के बारे में विस्तार से विद्यार्थियों के साथ चर्चा की।

इसके साथ ही फ्रैक्चर होने पर, अत्यधिक रक्तस्राव होने पर, बेहोश होने पर किस प्रकार घायल व्यक्ति को प्राथमिक चिकित्सा दी जा सकती है इसके बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।

महाविद्यालय में 8 फरवरी 2024 को एनडीआरएफ की टीम पहुंची। इसमें भी विद्यार्थियों द्वारा दुर्घटना होने की स्थिति में किस प्रकार स्वयं को एवं दूसरों को सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके तरीके समझे गए।

शुक्रवार को रोड सेफ्टी क्लब एवं एन एस एस के छात्र-छात्राओं द्वारा पुलिस विभाग के साथ मिलकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया।

पुलिसकांस्टेबल विजय मल्होत्रा ने मोटर व्हीकल एक्ट के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद रोड सेफ्टी क्लब एवं एन एस एस के स्वयंसेवी पुलिस विभाग की टीम के साथ सड़कों पर उतरे और आने जाने वाले वाहनों को रोककर वाहन चालकों को सड़क नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग की तरफ से कांस्टेबल विजय मल्होत्रा एवं होमगार्ड अर्जुन शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ वाहन चालकों को रोक कर यातायात नियमों का पालन करने के बारे में जागरूक किया।

यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर जगदीश चौहान के संरक्षण में आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा क्लब प्रभारी प्रोफेसर स्वाति चौहान, एनएसएस प्रभारी प्रोफेसर कांता चौहान, प्रोफेसर टीएस चौहान,डॉ दीपाली भंडारी,प्रोफेसर सुशील तोमर,‌जेओए नमित कपूर तथा सोनम उपस्थित रहे।