Sep 16, 2024
HIMACHAL

धर्मशाला: तीन महीने में होगा सामान्य जाति आयोग का गठन, सीएम जयराम ने विधानसभा में की घोषणा

धर्मशाला: तीन महीने में होगा सामान्य जाति आयोग का गठन, सीएम जयराम ने विधानसभा में की घोषणा

देश आदेश नेटवर्क, धर्मशाला

सार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में इसकी घोषणा की। सीएम की घोषणा के साथ ही देवभूमि क्षत्रिय संगठन और स्वर्ण मोर्चा ने प्रदर्शन खत्म करने का निर्णय लिया है। वहीं इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सामान्य वर्ग आयोग के गठन की अधिसूचना जारी कर दी गई। आयोग का संविधान व कार्यकाल संबंधी शर्तें बाद में अलग से अधिसूचित की जाएंगी

हिमाचल प्रदेश में तीन महीने में सामान्य जाति वर्ग आयोग का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा देवभूमि क्षत्रिय संगठन और देवभूमि स्वर्ण मोर्चा के बैनर तले विधानसभा के बाहर लोगों के उग्र प्रदर्शन के बाद की। सीएम की घोषणा के साथ ही देवभूमि क्षत्रिय संगठन और स्वर्ण मोर्चा ने प्रदर्शन खत्म करने का निर्णय लिया है।

वहीं इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सामान्य वर्ग आयोग के गठन की अधिसूचना जारी कर दी गई। आयोग का संविधान व कार्यकाल संबंधी शर्तें बाद में अलग से अधिसूचित की जाएंगी। इस संबंध में विभाग के सचिव देवेश कुमार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। आयोग का संविधान आयोग के गठन की मांग को लेकर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग तपोवन से करीब एक किलोमीटर पीछे जोरावर स्टेडियम में एकत्रित हुए थे। इसके बाद उग्र भीड़ ने विधानसभा घेरने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और तपोवन विधानसभा परिसर के बाहर पहुंच गए।

 

विधानसभा से बाहर जाने वाला एक ही रास्ता है जो प्रदर्शनकारियों के कब्जे में है। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण होती देख सीएम जयराम ने तीन महीने में सामान्य जाति आयोग गठन की विधानसभा में घोषणा की। इसके प्रदर्शनकारी मानने को तैयार हुए।

इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सिर्फ मध्य प्रदेश ही में सामान्य जाति वर्ग आयोग है। सरकार ने प्रदेश में गठन के आयोग को स्वीकार किया है। एक्ट का प्रावधान करके सवर्ण आयोग का गठन किया जाएगा। देवभूमि क्षत्रिय संगठन और देवभूमि स्वर्ण मोर्चा भी मध्य प्रदेश के आधार पर आयोग गठित करने की मांग कर रहा है।

देवभूमि क्षत्रिय संगठन के प्रदेशाध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर और देवभूमि स्वर्ण मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल ठाकुर ने कहा कि आजतक सभी राजनीतिक दलों ने स्वर्ण समाज के साथ छलकपट और भेदभाव की राजनीति ही की है। जातिगत आरक्षण को जल्द खत्म किया जाना चाहिए।  सरकार आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करे।

उन्होंने कहा कि 2018 से उन्होंने सवर्ण हितों की लड़ाई शुरू की है। यह हक मिलने तक जारी रहेगी। नेताओं को तभी वोट मिलेगा, जब वे सवर्ण समाज के हितों का सम्मान करेंगे। हिमाचल प्रदेश में सवर्ण आयोग के गठन की मांग पर देवभूमि क्षत्रिय संगठन और देवभूमि सवर्ण मोर्चा ने सरकार के खिलाफ नवंबर में 800 किलोमीटर की पदयात्रा की थी।

 

Originally posted 2021-12-10 12:51:59.