Oct 18, 2024
Latest News

महंगाई की मार: दो माह में प्रति क्विंटल 30% तक बढ़ गए सरिया के दाम

महंगाई की मार: दो माह में प्रति क्विंटल 30% तक बढ़ गए सरिया के दाम

सरिया: अब महंगा हो गया घर बनाना, दो महीने में 2,000 रुपये की वृद्धि का रिकॉर्ड

न्यूज़ देशआदेश

हिमाचल प्रदेश में मकान बनाना बहुत महंगा हो गया है। यहां सरिया, सीमेंट, रेत-बजरी आदि के रेट एकाएक बढ़ गए हैं। दो महीने के भीतर सरिया के रेट प्रति क्विंटल 30 फीसदी तक बढ़ गए हैं। राजधानी शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में सरिया के दाम जीएसटी जोड़कर 8,600 से लेकर 8,800 रुपये तक पहुंच गए हैं। सीमेंट के रेट भी बढ़कर 465 रुपये प्रति बैग तक हो गए हैं। यही हाल प्रदेश के अन्य हिस्सों के हैं। दुर्गम क्षेत्रों तक तो सरिया बहुत ही महंगा पहुंच रहा है। स्क्वेयर पाइप का दाम 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुका है।
विज्ञापन

पिछले दो महीने में सरिया के रेट ने करीब 2,000 रुपये की वृद्धि के साथ अपना रिकॉर्ड बनाया है। पिछले एक साल में करीब 2,400 से 2,500 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। दो साल में सरिया करीब 3,500 से 3,800 रुपये बढ़ चुका है। सीमेंट के रेट की भी यही स्थिति है। दो साल पहले जहां सीमेंट 410 रुपये प्रति बैग के हिसाब से मिल रहा था, वह अब करीब 465 रुपये पहुंच चुका है। यानी यह 55 रुपये तक बढ़ चुका है। ये शिमला के रेट हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में यातायात की लागत के हिसाब से इसमें फर्क पड़ता है। बजरी का भी यही हाल है। शिमला में जो बजरी 28 रुपये प्रति वर्ग फुट तक मिलती थी, अब वह 35 रुपये तक पहुंच गई है। रेत भी महंगी हुई है।

इसमें राज्य का नियंत्रण नहीं : धीमान
हिमाचल सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग आरडी धीमान ने बताया कि सरिया के रेट राष्ट्रीय स्तर पर बढ़े हैं। इसमें राज्य का नियंत्रण नहीं है। जहां तक सीमेंट की बात है तो तुलनात्मक प्रदेश में यह फिर भी कम बढ़ा है। इस संबंध में समय-समय पर हिमाचल प्रदेश की सीमेंट कंपनियों से बात की जाती है।

जिला सरिया सीमेंट
(रु / क्विंटल) (रु प्रति बैग)
मंडी 8,400 450
कुल्लू 8,200 468
शिमला 8,800 450/520
हमीरपुर 7,600 415/420
धर्मशाला 8,200 435
चंबा 8,400 450
बिलासपुर 7,800/8,200 420/425
ऊना 7,500/7,800 422/425

Originally posted 2022-03-28 00:05:28.