अब नई पाइपलाइनों से मिलेंगे कनेक्शन

अब नई पाइपलाइनों से मिलेंगे कनेक्शन

 ज्यादा प्रेशर के साथ आएगा पानी, लीकेज होगी खत्म

कंपनी ने मशोबरा में शुरू किया नई पेयजल लाइनों से कनेक्शन देने का काम
अभी पुराने मीटर में ही आएगा पानी, जल्द ही लगेंगे नए मीटर
शिमला। राजधानी में अब नई पेयजल लाइनों से उपभोक्ताओं को पानी के कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे न सिर्फ उपभोक्ता को पहले से ज्यादा प्रेशर के साथ पानी मिलेगा बल्कि पेयजल लाइनों में होने वाली लीकेज भी खत्म होगी। पेयजल कंपनी ने इस बारे में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
सबसे पहले शहर के मशोबरा, क्रेगनैनो के उपभोक्ताओं को नई लाइनों से कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इस क्षेत्र में कंपनी ने 24 घंटे पेयजल योजना के तहत नई बड़े आकार की पेयजल लाइनें बिछाने का काम पूरा कर लिया है। अब इन लाइनों से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को जोड़ने का काम भी शुरू किया जा रहा है। ये उपभोक्ता अभी तक पुरानी लाइनों से ही पानी ले रहे थे। कंपनी के अनुसार अभी नई पेयजल लाइनों को पुराने मीटर से ही जोड़ा जा रहा है। जल्द ही नए मीटर भी लगाए जाएंगे।
मशोबरा के बाद ढली, अपर ढली, समरहिल और कच्चीघाटी क्षेत्र के हजारों पेयजल उपभोक्ताओं को भी नई लाइनों से कनेक्शन मिलेंगे। अभी यहां नई लाइनें बिछाने का काम चल रहा है। पेयजल कंपनी के महाप्रबंधक राजेश कश्यप ने कहा कि मशोबरा, क्रेगनैनो क्षेत्र में नई पेयजल लाइनों से उपभोक्ताओं को पानी देने के निर्देश दे दिए हैं। यहां काम भी शुरू कर दिया गया है। नई लाइनों से लोगों को रोज प्रेशर के साथ पानी मिलेगा।
शहर में 36 हजार पेयजल उपभोक्ता
शिमला शहर में 36 हजार पेयजल उपभोक्ता हैं। इन्हें 24 घंटे पानी देने की योजना के तहत सभी वार्डाें में बड़े आकार की नई पेयजल लाइनें बिछाई जा रही हैं। हर लाइन से कितने कनेक्शन मिलेंगे, इनकी संख्या भी तय होगी। इस साल शहर में 10 हजार घरों को नई लाइनों से जोड़कर 24 घंटे पानी देने की तैयारी है।
इनसेट
अल्ट्रासोनिक नहीं, अब एएमआर मीटर ही लगेंगे
शहर में अब एएमआर यानि ऑटोमेटिक मीटर रीडिंग देने वाले पानी के मीटर ही लगाए जाएंगे। इसे कंपनी ने मंजूरी दे दी है। अभी तक कंपनी तय नहीं कर पा रही थी कि एएमआर मीटर लगाए जाएं या फिर अल्ट्रासोनिक मीटर। अल्ट्रासोनिक मीटर सटीक रीडिंग के लिए जाने जाते हैं लेकिन इनकी कीमत काफी ज्यादा है। इसलिए कंपनी ने अब एएमआर मीटर लगाने का फैसला लिया है। जल्द ही पुराने मीटरों की जगह नए मीटर लगेंगे। लोगों से इसका कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

इनसेट
शिमला को मिला रिकॉर्ड 56 एमएलडी पानी
सतलुज पेयजल परियोजना शुरू होने से राजधानी को पहली बार सभी परियोजनाओं से रिकॉर्ड 56.12 एमएलडी पानी मिला है। इससे पहले कभी भी शहर को 55 एमएलडी से ज्यादा पानी नहीं आया है। सतलुज से रविवार को 15.10 एमएलडी पानी आया है।

Oplus_16908288
इसी तरह गुम्मा से 17.42, गिरि से 15.49, चूरट से 3.74, सियोग से 0.45, चैड़ से 0.90 और कोटी बरांडी से 3.62 एमएलडी पानी मिला है। शहर को रोज पानी देने के लिए करीब 50 एमएलडी की जरूरत है।

Related posts

Leave a Comment