Aug 17, 2025
POLITICAL NEWS

भाजपा के रथ से पूर्व मुख्यमंत्री धूमल और शांता के फोटो गायब

भाजपा के रथ से पूर्व मुख्यमंत्री धूमल और शांता के फोटो गायब

 

 गांधी चौक पहुंचा रथ, तो धूमल और अनुराग समर्थकों में छा गई मायूसी, इधर-उधर जाने लगे कार्यकर्ता

 

देशआदेश

 

केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए रवाना हुए रथ में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार के फोटो गायब हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं केंद्र में सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की तस्वीर भी रथ के पीछे छोटे आकार में लगाई गई है।

हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों के लिए जैसे ही यह रथ शनिवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर पहुंचा तो धूमल और अनुराग समर्थकों में मायूसी छा गई। कार्यक्रम स्थल से कार्यकर्ता इधर-उधर जाने लगे। देखते ही देखते कार्यकर्ताओं की भीड़ अचानक छंट गई।

मंच पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, विधायक नरेंद्र ठाकुर और कमलेश कुमारी आदि मौजूद रहे।

धूमल ने जब मंच संभाला तो उन्होंने इधर-उधर खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं को मंच के सामने खड़े होने और भारत माता के जयघोष के लिए बुलाया। रथ को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों के सवाल पर कश्यप ने कहा कि रथ की सजावट पार्टी हाईकमान के निर्देश पर ही हुई है। उन्होंने खुद भी ध्यान से अभी तक इन रथों को नहीं देखा है।

वहीं, निर्दलीय और कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद संबंधित मंडल भाजपा पदाधिकारियों की नाराजगी पर कश्यप ने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति बाहर से शामिल होता है तो थोड़ी-बहुत दिक्कत होती है। लेकिन संगठन तालमेल बैठाने का प्रयास कर रहा है।

परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कश्यप ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। कांग्रेस के अन्य बड़े-बड़े नेता भी पार्टी को छोड़ रहे हैं। कांग्रेस में घुटन महसूस कर कई लोग अन्य दलों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी है जबकि भाजपा एकजुट होकर काम कर रही है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार रिपीट हो रही है।

Originally posted 2022-09-17 14:46:09.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *