Sep 19, 2024
HIMACHAL

Himachal Election: भाजपा से बागी होकर निर्दलीय उतरे इन 21 नेताओं पर कार्रवाई की तैयारी

Himachal Election: भाजपा से बागी होकर निर्दलीय उतरे इन 21 नेताओं पर कार्रवाई की तैयारी

कांग्रेस से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरे मुसाफ़िर समेत छह नेता पार्टी से निष्कासित

न्यूज़ देशआदेश

भाजपा से बागी होकर चुनाव मैदान में बतौर निर्दलीय उतरे 21 नेताओं पर पार्टी कार्रवाई करने की तैयारी में है। पार्टी एक-दो दिन में इन्हें छह साल के लिए निष्कासित करने के आदेश कर सकती है।

इन नेताओं में बंजार से लड़ रहे महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर, आनी से विधायक किशोरी लाल सागर, देहरा से विधायक होशियार सिंह, नालागढ़ से पूर्व विधायक केएल ठाकुर, इंदौरा से पूर्व विधायक मनोहर धीमान, किन्नौर से पूर्व विधायक तेजवंत नेगी, फतेहपुर से पूर्व सांसद कृपाल परमार, सुंदरनगर से पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर के बेटे अभिषेक ठाकुर, बिलासपुर से सुभाष शर्मा, मंडी से प्रवीण शर्मा और कुल्लू से राम सिंह शामिल हैं।

इनके अलावा नाचन से ज्ञान चंद, धर्मशाला से विपिन नैहरिया, अनिल चौधरी, कांगड़ा से कुलभाष चौधरी, मनाली से महेंद्र ठाकुर, बड़सर से संजीव शर्मा, हमीरपुर से नरेश दर्जी, भोरंज से पवन कुमार, रोहडू़ से राजेेंद्र धीरटा और चंबा से इंदिरा कपूर पर कार्रवाई तय है।

 

कांग्रेस से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरे छह नेता पार्टी से निष्कासित

कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, दो पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट और जगजीवन पाल समेत छह नेताओं को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया।

रविवार को पार्टी हाईकमान ने इन नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर ये आदेश जारी किए।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की स्वीकृति के बाद पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने यह कार्रवाई की है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने पच्छाद से कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने को पर्चा भरा है। वहीं, सुलह के पूर्व विधायक जगजीवन पाल, चौपाल के पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट, ठियोग से विजय पाल खाची, आनी से परस राम और जयसिंहपुर से सुशील कौल पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरे हैं। इन सभी को पार्टी ने निष्कासित किया है।