Oct 18, 2024
LOCAL NEWS

श्री रेणुका जी:मां को दिए वचन को निभाने पहुंचेंगे भगवान परशुराम

मां रेणुका को दिए वचन को निभाने पहुंचेंगे भगवान परशुराम

न्यूज़ देशआदेश

 

कार्तिक शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को भगवान परशुराम मां रेणुका से मिलने आ रहे हैं। मां-बेटे के आध्यात्मिक मिलन के वीरवार को हजारों लोग साक्षी बनेंगे। मां रेणुका को दिए वचन को निभाने के लिए भगवान परशुराम श्री रेणुका जी पहुंचेंगे।

इस ऐतिहासिक मिलन के साथ ही छह दिन तक चलने वाला ऐतिहासिक श्री रेणुकाजी मेला कार्तिक पूर्णिमा तक जारी रहेगा। भगवान परशुराम की शोभा यात्रा वीरवार दोपहर बाद शुरू होगी। खेल मैदान से शुरू हुई यह शोभा यात्रा शाम ढलने से पूर्व श्री रेणुका जी में प्रवेश करेगी। यहां त्रिवेणी के संगम पर मां-पुत्र का विधिवत मिलन करवाया जाएगा।

जिला प्रशासन ने छह दिन तक चलने वाले इस मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेणुका जी तीर्थ सहित ददाहू बाजार को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शोभा यात्रा के दौरान हजारों लोग इसमें शिरकत करेंगे।
…..
दशकों पुरानी परंपरा निभाएगा राजघराना
अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में दशकों पुरानी परंपरा को सिरमौर राजघराने का परिवार आज भी पूरी श्रद्धा से निभा रहा है। सिरमौर राज परिवार के वंशज और राजघराने के वरिष्ठ सदस्य कंवर अजय बहादुर सिंह अपने परिवार के सदस्यों के साथ इस परंपरा का निर्वहन करेंगे। वीरवार को गिरि नदी के संगम तट पर कंवर अजय बहादुर सिंह अपने परिवार के सदस्यों के साथ भगवान परशुराम की प्रतीक्षा करेंगे।

वह देवताओं की मुख्य पालकी को अपने कंधों पर उठाकर पंडाल तक लाएंगे। कंवर अजय बहादुर सिंह ने कहा कि भगवान परशुराम उनके कुल के देवता हैं। भगवान परशुराम की उनके परिवार पर विशेष कृपा है। वह किसी भी सूरत में इस परंपरा को निभाना नहीं भूलते। उन्होंने कहा कि वह परिवार के सदस्यों के साथ देवताओं का अभिवादन करके अपनी भेंट उनके चरणों में अर्पित करेंगे।