Sep 16, 2024
LOCAL NEWS

डीएवी क्लस्टर V का डीएवी पांवटा साहिब में सफल आयोजन*

*डीएवी क्लस्टर V का डीएवी पांवटा साहिब में सफल आयोजन*

न्यूज़ देशआदेश

डीएवी नेैशनल स्पोर्ट्स, सत्र (2023 2024) के सानिध्य में डीएवी सिरमौर पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब में डीएवी क्लस्टर V का शानदार आयोजन संपन्न हुआ।

बताते है कि दो दिसंबर को आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के डीएवी सोलन, डीएवी राजगढ़, डीएवी सराहां, डीएवी दाड़लाघाट, डीएवी परवाणू, डीएवी कुमारहट्टी तथा डीएवी नाहन सहित डीएवी पांवटा साहिब – योगा, खो-खो एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में शामिल रहा तथा शानदार मेजबानी का साक्षी बना।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डीएवी पांवटा की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी कांत ठाकुर ने द्वीप प्रज्वलन द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात शिक्षिका मीनाक्षी नेगी ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर सभी आगंतुकों का अभिनंदन किया।

इसके बाद प्रधानाचार्या शालिनी कांत ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके साथ आए हुए शिक्षकों की हौसला अफजाई की तथा प्रेरणादायक वचनों द्वारा उनका मार्ग प्रशस्त किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में सभी प्रतियोगिताओं का क्रमानुसार आयोजन किया गया जिसमें दिलीप सिंह,चतर सिंह एवं अनिल कुमार ने डीएवी पांवटा के शिक्षक गुरबचन एवं दिनेश ठाकुर के सहयोग से व्यवस्था के साथ-साथ नीर क्षीर विवेचन रूपी निर्णायक मंडल की भूमिका बखूबी निभाई।

समापन समारोह के अंतर्गत मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानाचार्या शालिनी कांत ठाकुर ने सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।

सर्वप्रथम अंडर 14 योगा छात्रा वर्ग में डीएवी राजगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा डीएवी कुमारहट्टी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर 17 योगा छात्रा वर्ग में डीएवी सराहां प्रथम,डीएवी दाड़लाघाट ने द्वितीय तथा डीएवी पांवटा साहिब ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर 14 बैडमिंटन छात्र वर्ग में डीएवी परवाणू ने प्रथम तथा डीएवी पांवटा साहिब में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार अंडर 17 छात्र वर्ग में डीएवी सोलन प्रथम तथा डीएवी पांवटा साहिब द्वितीय स्थान पर रहा। अंडर-19 छात्र वर्ग में डीएवी सोलन ने प्रथम तथा डीएवी परवाणू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

अपनी प्रतिभा एवं कुशलता से दर्शकों को दांतों तले उंगली चबाने के लिए मजबूर करने वाले डीएवी पांवटा साहिब के हैरतअंगेज खिलाड़ी दिव्यांश ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में विशेष पुरस्कार दिया गया।

इसी प्रकार डीएवी परवाणू की छात्रा नैना को सर्वश्रेष्ठ योगा परफॉर्मर के रूप में विशेष पुरस्कार दिया गया।

अंत में डीएवी स्कूल पांवटा साहिब की ओर से सभी आगन्तुकों एवं खिलाड़ियों की यादगार विदाई हेतु बोनफायर कार्यक्रम के साथ संगीतमय शाम आयोजित की गई जिसका सभी दर्शकों एवं खिलाड़ियों ने भरपूर लुत्फ उठाया।

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए हुए स्कूलों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने स्कूल प्रबंधन एवं विशेष रूप से प्रधानाचार्य शालिनी कांत ठाकुर के शानदार प्रबंध की भूरि भूरि प्रशंसा की तथा प्रसन्नचित हृदय से विदा ली।