Sep 16, 2024
POLITICAL NEWS

कांग्रेस के दिग्गज की हो सकती है घर वापसी, भाजपा प्रत्याशी को मिलेगी चुनौती

कांग्रेस के दिग्गज रहे गंगूराम मुसाफिर की हो सकती है घर वापसी

कांग्रेस में लौटे तो भाजपा प्रत्याशी को गृह क्षेत्र में मिलेगी चुनौती

 

 

लोकसभा चुनाव के लिए शिमला संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने जहां मौजूदा विधायक विनोद सुल्तानपुरी को उम्मीदवार घोषित करके भाजपा की धड़कनें बढ़ा दी हैं, वहीं अब रुठों को मनाने में जुट गई है। सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे गंगूराम मुसाफिर की इसी सप्ताह कांग्रेस में वापसी हो सकती है।
बता दें कि मुसाफिर ने निर्दलीय 13 हजार 187 मत हासिल किए थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दयाल प्यारी को 17 हजार 358 वोट मिले थे। भाजपा उम्मीदवार रीना कश्यप 21 हजार 215 मत लेकर विजयी हुई थीं। देवभूमि पार्टी के उम्मीदवार सुशील भृगु को आठ हजार 113 मत मिले थे।
मुसाफिर की कांग्रेस में वापसी से उनको मिला सारा मत कांग्रेस पार्टी को मिल सकता है। कांग्रेस का वोट बैंक यहां भाजपा से अधिक हो सकता है, जिससे भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार सुरेश कश्यप जोकि इसी निर्वाचन क्षेत्र के निवासी हैं उनको चुनौती मिल सकती है।
पच्छाद के किसी नेता ने इसकी पुष्टि करने से इन्कार कर दिया, लेकिन 20 अप्रैल को मुसाफिर समर्थकों ने शिमला जाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इससे लगता है कि उस दिन मुसाफिर की घर वापसी हो सकती है। यही नहीं बताया जा रहा है कि उसके बाद पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र में इसी महीने के अंत तक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियों को लेकर भी कांग्रेस पार्टी सक्रिय हो गई है।