सीबीएसई संबद्ध स्कूलों पर बड़ा फैसला, इस सत्र में फिलहाल नहीं बदलेगी वर्दी और ड्रेस कोड


हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के ड्रेस कोड और विद्यार्थियों की वर्दी को लेकर सरकार ने यू-टर्न ले लिया है। फिलहाल इन स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र वर्दी नहीं मिलेगी। शैक्षणिक सत्र 2027-28 सत्र अब नई व्यवस्था लागू हो सकती है। भवन रंग योजना पर भी निर्णय लंबित है। सोमवार को इस असमंजस की स्थिति पर शिक्षा निदेशालय ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्कूलों में पहले से लागू वर्दी और ड्रेस कोड ही जारी रहेगा। नई व्यवस्था पर निर्णय बाद में लिया जाएगा।
इसलिए जारी करना पड़ा स्पष्टीकरण
स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि कई फील्ड कार्यालयों से यह पूछा जा रहा था कि क्या शिक्षकों का नया ड्रेस कोड, विद्यार्थियों की नई वर्दी और स्कूल भवनों की रंग योजना सत्र 2026-27 से लागू होगी। इस पर विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। जिला उपनिदेशकों और स्कूल प्रिंसिपलों को जारी निर्देशों के अनुसार शिक्षकों के ड्रेस कोड और विद्यार्थियों की वर्दी को अंतिम रूप तकनीकी शिक्षा विभाग तथा राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) जैसी उपयुक्त एजेंसियों से परामर्श के बाद दिया जाएगा। इसके बाद नई व्यवस्था शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू की जा सकती है। उधर, इस निर्णय को सरकार के स्तर पर नीति तैयार न हो पाने और तैयारियों में देरी से जोड़कर देखा जा रहा है।
स्कूल प्रमुखों को दिए ये निर्देश
पहले संकेत दिए जा रहे थे कि सीबीएसई पैटर्न वाले सरकारी स्कूलों में एक समान व्यवस्था लागू की जाएगी, लेकिन अब इसे टाल दिया गया है। स्कूल भवनों की रंग योजना को लेकर भी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। निदेशालय ने फिलहाल स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि भवनों की सफेदी या रंग-रोगन मौजूदा रंग योजना के अनुसार ही कराएं। नई रंग योजना को अलग से अधिसूचित किया जाएगा। ड्रेस कोड और रंग योजना को लेकर स्कूल प्रबंधन समितियों और प्रधानाचार्यों में असमंजस बना हुआ था। कई स्कूल नई वर्दी लागू करने की तैयारी कर रहे थे, जबकि कुछ स्कूल आदेशों का इंतजार कर रहे थे। विभाग के स्पष्टीकरण के बाद फिलहाल स्थिति स्पष्ट हो गई है।
