Oct 18, 2024
POLITICAL NEWS

10 जुलाई को तीन विस सीटों पर होगा मतदान, नतीजे 13 जुलाई को आएंगे

भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने झोंकी ताकत, देहरा बनी हॉट सीट

 

 

हिमाचल प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को प्रचार थम जाएगा तो इससे पहले भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने फील्ड में सक्रियता बढ़ा दी है।

 

 

निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के बाद देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर सीटें खाली हुईं, जिसके बाद तीनों निर्दलीय विधायक भाजपा टिकट पर लड़ चुनाव रहे हैं।

 

इस समय देहरा हॉट सीट बनी है। इस विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश चुनाव मैदान में हैं। वहीं, भाजपा ने निर्दलीय विधायक होशियार सिंह को ही प्रत्याशी बनाया है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को देहरा और हमीरपुर में मोर्चा संभालेंगे, जबकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्री विक्रमादित्य सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री नालागढ़ में होंगे। कांग्रेस के केंद्रीय नेता सचिन पायलट भी सोमवार को नालागढ़ आ रहे हैं।

 

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल देहरा, सांसद अनुराग ठाकुर हमीरपुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नालागढ़ में डटेंगे। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. श्रीकांत शर्मा तीनों उपचुनावों के प्रचार का मोर्चा संभाले हैं।

 

हमीरपुर हलके में भाजपा के प्रत्याशी आशीष शर्मा और कांग्रेस के डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा चुनाव मैदान में हैं।

 

 

वहीं, नालागढ़ विधानसभा सीट की बात करें तो भाजपा ने निर्दलीय विधायक केएल ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस के इंटक के प्रदेशाध्यक्ष रहे हरदीप सिंह बावा चुनाव मैदान में हैं। 10 जुलाई को मतदान होना है। नतीजे 13 जुलाई को आएंगे।