खालसा स्पोर्ट्स क्लब पांवटा साहिब की 25वीं सालगिरह पर गेट-टुगेदर, तीन होनहारों का सम्मान
जुड़वा बहनें जसलीन व गुरलीन बनीं हेड कांस्टेबल, सिंगर दलजीत वॉयस ऑफ पंजाब सम्मानित
देशआदेश
खालसा स्पोर्ट्स क्लब पांवटा साहिब की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार सायं एक भव्य गेट-टुगेदर पार्टी का आयोजन रेवेरा होटल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि अवनीत सिंह लांबा रहे।

क्लब के प्रधान परमजीत सिंह बंगा ने बताया कि क्लब सदस्य शिक्षक सुरजीत सिंह की दो जुड़वा बेटियां जसलीन कौर और गुरलीन कौर एक साथ पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल नियुक्त हुई हैं, जो शहर पांवटा साहिब के लिए गौरव की बात है। वहीं, सिंगर दलजीत सिंह ने ‘वॉयस ऑफ पंजाब’ बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इन तीनों उपलब्धियों की खुशी में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

मुख्यातिथि अवनीत सिंह लांबा ने अपने करकमलों से तीनों होनहारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर हेड कांस्टेबल जसलीन कौर, हेड कांस्टेबल गुरलीन कौर तथा सिंगर दलजीत सिंह ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से नशे से दूरी रखने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
सफलता का श्रेय उन्होंने अपने कोच फौजी गुरनाम सिंह बंगा तथा माता-पिता को दिया। कार्यक्रम में उनके पिता शिक्षक सुरजीत सिंह भावुक हो उठे और सभी का आभार जताते हुए कहा कि बेटियों की मेहनत और सफलता से उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। वहीं कोच गुरनाम सिंह बंगा ने कहा कि बच्चों का लक्ष्य शुरू से हार-जीत नहीं, बल्कि निरंतर आगे बढ़ना रहा, और आज वही प्रेरणा उन्हें मंजिल तक ले आई।
समारोह के अंत में उपस्थितजनों ने तीनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ईमानदारी व समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर खालसा क्लब के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
