12वीं के परिणाम 4 मई को, लगातार पांच दिन बरसेंगे बादल

12वीं के परिणाम 4 मई को, लगातार पांच दिन बरसेंगे बादल

HPBOSE 12th Result: कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित की तिथि तय कर दी है। शनिवार को बोर्ड की ओर से इस संबंध में जानकारी दी गई। इसी के साथ परीक्षा परिणाम को लेकर हजारों विद्यार्थियों का इंतजार भी खत्म हो गया है। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से कक्षा 12वीं के विज्ञान, वाणिज्य व कला संकाय का परीक्षा परिणाम 4 मई को सुबह करीब 11:00 घोषित किया जाएगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि परीक्षा परिणाम को तैयार कर लिया गया है। 4 मई को इसे सुबह 11:00 बजे घोषित कर दिया जाएगा। परिणाम को बोर्ड की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया जाएगा। छात्र अमर उजाला पर सबसे पहले अपना रिजल्ट बिना किसी परेशानी से देख सकते है। यहां पंजीकरण करके छात्र अपना परिणाम देख सकते हैं।

12वीं में 81,411 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे
परीक्षा परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है और डाटा संकलन और रिजल्ट प्रोसेसिंग का कार्य अंतिम चरण में है। इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 81,411 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे, जबकि 10वीं कक्षा में 93,564 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। दोनों ही कक्षाओं के परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। खासकर 12वीं के विद्यार्थी उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 10वीं की परीक्षाएं 3 से 28 मार्च और 12वीं की परीक्षाएं 3 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं।

आधार कार्ड के साथ जुड़ेगा 10वीं-12वीं का सर्टिफिकेट
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 10वीं और 12वीं कक्षा के सर्टिफिकेटों को आधार कार्ड से जोड़ेगा। सर्टिफिकेटों के आधार कार्ड से जुड़ने के बाद जहां डुप्लीकेट सर्टिफिकेट हासिल करने में आसानी होगी, वहीं फर्जी सर्टिफिकेटों की संभावना कम हो जाएगी। जानकारी के अनुसार शिक्षा बोर्ड जल्द ही 10वीं और 12वीं के सर्टिफिकेट को आधार कार्ड से लिंक करने की नई व्यवस्था शुरू करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य प्रमाण पत्रों की सुरक्षा बढ़ाना और डुप्लीकेट सर्टिफिकेट प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है।

विद्यार्थियों को बोर्ड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे
नई व्यवस्था लागू होने के बाद विद्यार्थियों को अपने प्रमाण पत्रों के लिए बार-बार बोर्ड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आधार से लिंक होने के बाद छात्र घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड के अनुसार इस डिजिटल पहल से फर्जी सर्टिफिकेट पर भी रोक लगेगी और दस्तावेजों की सत्यता सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही खोए या क्षतिग्रस्त सर्टिफिकेट के मामले में विद्यार्थियों को तुरंत डुप्लीकेट कॉपी मिल सकेगी। बोर्ड जल्द ही इस सेवा के लिए आधिकारिक पोर्टल पर सुविधा उपलब्ध करवाएगा, जहां छात्र अपने आधार नंबर के माध्यम से लॉगिन कर प्रमाण पत्र हासिल कर सकेंगे।

पीडीएफ और हार्ड कापी दोनों में मिलेगा सर्टिफिकेट
सर्टिफिकेट के आधार कार्ड से लिंक होने के बाद विद्यार्थी इसे पीडीएफ और हार्ड कापी दोनों के रूप में हासिल कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें आवेदन करते समय ही ऑप्शन देना होगा। पीडीएफ पर क्लिक करने पर पीडीएफ मिलेगी, जबकि हार्ड कापी हासिल करने के लिए अपना पूरा विवरण देना होगा। इसके बाद शिक्षा बोर्ड अभ्यर्थी के दर्शाए पते पर सर्टिफिकेट की कापी भेजेगा। इन दोनों ही तरीकों से सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए अलग-अलग फीस रहेगी।

41 केंद्रों पर हुआ है मूल्यांकन कार्य
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन कार्य के लिए प्रदेश भर में करीब 41 केंद्र स्थापित किए थे। जहां पर 10वीं और 12वीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य किया गया है। इस दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा के मूल्यांकन कार्य के लिए करीब 5,000 शिक्षकों की ड्यूटियां लगाई गई थीं।

 

लगातार पांच दिन बरसेंगे बादल, कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

 

 

 

जानें कितने दिन होगी बारिश
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य में 3 से 7 मई तक बारिश का पूर्वानुमान है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। 8 मई को भी कुछ स्थानों पर माैसम खराब रहने के आसार हैं। 4 मई को राज्य के कई जिलों में ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट है। 3 व 5 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 मई  को कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमाैर जिले अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट है। 

Related posts

Leave a Comment