Jul 27, 2024
Latest News

हिमाचल में कोरोना: 2446 नए पॉजिटिव मरीज, प्रदेश में 72 दिन बाद छह की मौत

हिमाचल में कोरोना: 2446 नए पॉजिटिव मरीज, प्रदेश में 72 दिन बाद छह की मौत

देश आदेश पांवटा साहिब

सार
24 घंटों के भीतर हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 12850 पहुंच गया है। इसके साथ ही 1292 लोग ठीक भी हुए हैं। प्रदेश में मौत का आंकड़ा 3880 पहुंच गया है। विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त लोगों को कोरोना अपनी चपेट में ले रहा है।

हिमाचल प्रदेश में तीसरी लहर में कोरोना ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सोमवार को आई रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 24 घंटों के भीतर 2446 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए जबकि 72 दिन बाद छह लोगों की मौत हो गई। इससे पहले छह नवंबर 2021 को इतनी मौतें हुई थीं। महिला समेत चार लोगों की कांगड़ा, एक-एक की चंबा और ऊना जिले में मौत हुई है। सभी 49 आयु से ज्यादा वर्ग के लोग हैं। प्रदेश में मौत का आंकड़ा 3880 पहुंच गया है। पॉजिटिव मामलों की संख्या में बढ़ोतरी पर प्रदेश सरकार ने अलर्ट जारी किया है। लोगों की सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

डॉक्टरों की सलाह पर ही दवाइयों का सेवन करने को कहा गया है। प्रदेश में सोमवार को 12721 लोगों की सैंपलिंग हुई है। 24 घंटों के भीतर हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 12850 पहुंच गया है। इसके साथ ही 1292 लोग ठीक भी हुए हैं।

जिला सक्रिय मामले नए पॉजिटिव
बिलासपुर 1649 214
चंबा 786 75
हमीरपुर 1079 168
कांगड़ा 2155 348
किन्नौर 527 46
कुल्लू 595 119
लाहौल स्पीति 114 8
मंडी 1723 312
शिमला 1285 280
सिरमौर 970 310
सोलन 986 359
ऊना 981 207

शिमला में 100 में से 25 व सोलन में 20 लोग पॉजिटिव

उधर, प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के चलते राज्य का पॉजिटिविटी रेट भी लगातार बढ़ता जा रहा है। शिमला और सोलन में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक शिमला में संक्रमण दर 25 फीसदी से ऊपर चली गई है। यानी कि टेस्ट करवाने वाले 100 लोगों में से 25 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। इसी तरह सोलन में संक्रमण दर 20 फीसदी से ऊपर चल रही है।

वर्तमान में यही स्थिति हिमाचल की चल रही है। राज्य में 10 से 16 जनवरी तक कोरोना संक्रमण की जांच के लिए 80 हजार 227 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें 11 हजार 280 लोग संक्रमित पाए गए। यानी, संक्रमण दर 14.1 फीसदी बनी हुई है। यह बहुत ज्यादा है। यह संक्रमण दर 16 दिन के भीतर बनी है।

इस हिसाब से अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में संक्रमण तेजी से फैला है। पिछले सप्ताह 9 लोगों ने संक्रमण से दम भी तोड़ा है। कांगड़ा और शिमला में ही सबसे ज्यादा लोगों की मौतें हुई हैं। सरकार और स्वास्थ्य विभाग के लिए इस समय हमीरपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी जिले चिंता का कारण बने हुए हैं।

Originally posted 2022-01-17 23:44:32.