Oct 18, 2024
POLITICAL NEWS

शिमला बैठक: जेपी नड्डा की दो टूक, टिकट कट जाए तो नाराजगी न जताएं नेता

शिमला बैठक: जेपी नड्डा की दो टूक, टिकट कट जाए तो नाराजगी न जताएं नेता

पीटरहॉफ शिमला में नड्डा ने भाजपा विधायकों की बैठक ली, एक-एक विधायको से क्षेत्र की स्थिति जानी

न्यूज़ देशआदेश

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा पदाधिकारियों को दो टूक कह दिया है कि अगर किसी का टिकट कट जाए तो उसमें नाराजगी नहीं होनी चाहिए। उसके बाद भी पार्टी के लिए इसी निष्ठा से काम करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा बहुत बड़ी पार्टी है। टिकट तो विधानसभा क्षेत्र में जिताऊ और अच्छी परफोर्मेंस वालों को ही मिलेंगे। अभिनंदन कार्यक्रम के बाद नड्डा ने पहले विधायकों और फिर पदाधिकारियों से लंबी मंत्रणा की। इस तरह से नड्डा ने कमजोर प्रदर्शन वाले विधायकों और नेताओं के टिकट कटने के संकेत दे दिए हैं।
विज्ञापन

 

शनिवार को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में नड्डा ने भाजपा विधायकों की बैठक ली। इसमें अधिकतर भाजपा विधायक शामिल हुए। नड्डा ने एक-एक विधायक से उनके क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने जानना चाहा कि सरकारी योजनाओं का उनके क्षेत्र में किस तरह से प्रचार हो रहा है। उन्होंने कुछ विधायकों की ओर से आए जवाब पर हस्तक्षेप करते हुए कहा कि प्रचार कार्य और अधिक तेज किए जाने की जरूरत है। बहुत सी सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को हो रहा है, लेकिन इस बारे में उन्हें ठीक से बताना होगा। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस में नेतृत्व का संकट है। आप का भी प्रदेश में कोई वजूद नहीं है।

इसके बाद भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों में भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री पवन राणा, अन्य महामंत्री, पूर्व प्रदेशाध्यक्षों समेत अन्य पदाधिकारियों से लंबी मंत्रणा की। नड्डा ने इन पदाधिकारियों को बताया कि विधायकों और अन्य नेताओं को यह संदेश देने की जरूरत है कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट कट जाए तो इससे नाराजगी न हो। इस स्थिति में सभी को पार्टी के लिए काम करना होगा। देर रात को पार्टी की कोर कमेटी की भी एक बैठक हुई।

नड्डा ने सुबह नगर निगम शिमला के पार्षदों की भी एक बैठक बुलाई, पत्रकार वार्ता भी करेंगे

नड्डा ने रविवार सुबह नौ बजे नगर निगम शिमला के पार्षदों की भी एक बैठक बुलाई है। उनसे निगम चुनाव पर फीडबैक लिया जाएगा। आगामी रणनीति बनेगी। इसके बाद साढे़ दस बजे नड्डा पत्रकार वार्ता को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा ने शनिवार रात नौ बजे भाजपा की महिला पार्षदों की बैठक ली।

Originally posted 2022-04-09 23:47:03.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *