Sep 16, 2024
HIMACHAL

Election: पंचायत उपचुनाव और नगर निगम शिमला के चुनाव तय, पढ़े चुनाव का पूरा शेड्यूल

MC Shimla Election: पंचायत उपचुनाव के साथ ही दो मई को होंगे नगर निगम शिमला के चुनाव, पढ़े चुनाव का पूरा शेड्यूल

 

इस बार पार्टी चिन्ह पर ही होंगे शिमला नगर निगम के चुनाव

पिछले साल जून से लंबित थे चुनाव, जनता को मिलेगी राहत

न्यूज़ देशआदेश

हिमाचल प्रदेश के नगर निगम शिमला के चुनाव का एलान हो गया है। पंचायत उपचुनाव के साथ ही 2 मई को शिमला नगर निगम के चुनाव होंगे। 4 मई को इसके नतीजे आएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार शाम नगर निगम चुनाव की घोषणा कर दी है। चुनाव की घोषणा के साथ ही राजधानी में आचार संहिता भी लागू हो गई है। वहीं, नगर निगम पालमपुर के वार्ड-दो में भी दो मई को ही उपचुनाव होंगे।

 

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 6 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। मतदाता सूचियों को लेकर आई सभी आपत्तियों और दावों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। सबसे पहले वार्ड वाइज मतदान केंद्रों की सूची जारी होगी।

इसी दिन 13 अप्रैल से नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रत्याशियों को नामांकन भरने के लिए तीन दिन का वक्त मिलेगा। 21 अप्रैल को नाम वापसी होगी।

इसी दिन शाम को पार्टी चिन्ह के साथ प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

 

पिछले साल जून से लंबित थे चुनाव
शिमला नगर निगम को करीब 11 महीने बाद नया सदन मिलेगा। बीते नगर निगम सदन का कार्यकाल बीते साल 17 जून को खत्म हो चुका है। इसके बाद नगर निगम चुनाव होने थे। लेकिन वार्ड पुनर्सीमांकन के विवाद के चलते चुनाव करीब 11 महीने तक लटक गए।

यह है चुनाव का पूरा शेड्यूल
मतदान केंद्र की सूची                 13 अप्रैल तक जारी होगी
नामांकन पत्र भरने समय सीमा      13, 17, 18 अप्रैल 2023 (सुबह 11:00 से 3:00 बजे तक)
नामांकन पत्रों की छंटनी             19 अप्रैल 2023 (सुबह 10:00 बजे से)
नामांकन पत्रों की वापसी             21 अप्रैल, 2023 (सुबह 11:00 से 3:00 बजे तक)
पार्टी चिन्ह के साथ प्रत्याशी
सूची जारी करने का समय           21 अप्रैल, 2023
मतदान                                   2 मई, 2023 (सुबह 8:00 से शाम 4:00 बजे तक)
मतगणना और परिणाम             4 मई, 2023 सुबह 10:00 बजे से
चुनाव प्रक्रिया पूरी करने
की समय सीमा                         6 मई, 2023

जनता को मिलेगी राहत
नगर निगम चुनाव होने से शहर की जनता को राहत मिलेगी। शहर में निर्माण कार्य तो रफ्तार पकड़ेंगे ही। साथ ही आम जनता की प्रमाणपत्र हासिल करने में आ रही परेशानी भी दूर होगी। अभी पार्षद न होने के कारण स्थायी पते, चरित्र प्रमाणपत्र, बीपीएल समेत कई तरह के प्रमाण पत्र के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

 

इस बार पार्टी चिन्ह पर ही होंगे शिमला नगर निगम के चुनाव

राजधानी में होने जा रहे नगर निगम के चुनाव इस बार पार्टी चिन्ह पर करवाए जाएंगे। सरकार ने इसकी तैयारी कर ली है। पार्टियों की ओर से चुनाव मैदान में उतरने वाले सभी दावेदारों को पार्टी चिन्ह दिए जाएंगे। साल 2017 में हुए नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं करवाए गए थे। इसके चलते कई वार्डों में दावेदारी को लेकर काफी असमंजस भी रही थी। निर्वाचन आयोग से अलग-अलग चुनाव चिन्ह मिलने के बाद कई दावेदारों ने जनता के बीच खुद को पार्टी का दावेदार बताया था।