Jul 27, 2024
POLITICAL NEWS

अनुराग ठाकुर बोले- हिमाचल में आम आदमी पार्टी की यूनिट खत्म

 केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बोले- हिमाचल में आम आदमी पार्टी की यूनिट खत्म

न्यूज़ देशआदेश

सार

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी और भाजपा सरकारें विकास के लिए जानी जाती हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार ने रेल, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल व अन्य सुविधाओं पर काम किया है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी की यूनिट खत्म हो गई है। आप की हिमाचल में सक्रियता और बड़े स्तर पर दौरों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे कुछ नहीं होगा। वह ऊना में शनिवार को मीडिया कर्मियों के प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। कांग्रेस की ओर से हिमाचल दिवस पर हुई घोषणाओं को चुनावी स्टंट बताने के प्रश्न पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व में की गई घोषणाओं का भी जनता ने स्वागत किया था और अब भी जनता इन घोषणाओं का स्वागत कर रही है
जनता के लिए व जनता के रुपये बचाने के लिए ही यह घोषणाएं हुई हैं। भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे। अब तक भी अच्छा काम किया है और करते रहेंगे। कहा कि मोदी और भाजपा सरकारें विकास के लिए जानी जाती हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार ने रेल, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल व अन्य सुविधाओं पर काम किया है। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर हिमाचल में विकास कार्य करवा रही है।
डबल इंजन का लाभ हिमाचल को मिला है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की कांगड़ा रैली को लेकर पूछे गए प्रश्न को उन्होंने नजरअंदाज कर दिया और कोई जवाब नहीं दिया। इस मौके पर छठे वित्तायोग के राज्य अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, जिला भाजपा महामंत्री राज कुमार पठानिया व अन्य मौजूद रहे।