Jul 27, 2024
HIMACHAL

ट्रांसगिरी क्षेत्र को जल्द दिया जाएगा जनजातीय का दर्जा:कश्यप

गृह मंत्री अमित शाह आएंगे हिमाचल, ट्रांसगिरी क्षेत्र को जल्द दिया जाएगा जनजातीय का दर्जा

 

सार

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि जल्द ही ट्रांसगिरी क्षेत्र को जनजातीय का दर्जा दिया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह हिमाचल आएंगे।

विस्तार

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष हर्ष चौहान और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य अनंत नायक से उनके दिल्ली कार्यालय में मुलाकात की। कश्यप ने कहा कि इस बैठक में ट्रांसगिरी क्षेत्र को लेकर हाटी मुद्दे पर व्यापक चर्चा की गई है। जल्द ही ट्रांसगिरी क्षेत्र को जनजातीय का दर्जा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से समुदाय को यह दर्जा देने के लिए गृह मंत्री अमित शाह हिमाचल आएंगे। इस मौके पर रैली का आयोजन भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अमित शाह से हाटी को जनजातीय का दर्जा देने के लिए मुलाकात की थी।

कश्यप ने कहा कि इस समुदाय को उत्तराखंड में आदिवासी का दर्जा प्राप्त है, जिसकी सीमा सिरमौर जिले से लगती है। उन्हें यह दर्जा 1968 में दिया गया था और वे सिरमौर जिले में रहने वाले लोगों के साथ समान संस्कृति और सामाजिक-आर्थिक स्थिति साझा करते हैं।

इस फैसले से ट्रांसगिरी क्षेत्र की 154 पंचायतों की करीब तीन लाख आबादी को फायदा होगा। यह समुदाय सिरमौर जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में रहता है, जिनमें शिलाई, पांवटा, रेणुका और पच्छाद शामिल हैं।