पांवटा-नाहन-शिमला एनएच 907ए पर अब सुहाना होगा सफर
न्यूज़ देश आदेश सिरमौर
जिला मुख्यालय नाहन से शिमला जाने वाले वाहन चालकों को अब खस्ताहाल सड़क के चलते परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। नाहन-शिमला नेशनल हाइवे 907ए पर टारिंग का कार्य शुरू हो गया है। नाहन के दोसड़का से बनेठी तक 20 किलोमीटर टॉरिंग का कार्य किया जाएगा।
नेशनल हाइवे ऑथोरिटी के नाहन मंडल के तहत आने वाले इस एनएच पर यह कार्य अक्तूबर महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। सड़क की टारिंग का कार्य गणपति बिल्डर को सौंपा गया है। दोसड़का से बनेठी तक टॉरिंग के लिए 5 करोड़ 52 लाख बजट जारी हुआ है। जानकारी के अनुसार टॉरिंग का कार्य बनेठी से शुरू किया गया है। अब तक करीब सात किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। एनएच अथॉरिटी पदाधिकारियों के अनुसार इस कार्य को अक्तूबर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बरसात में भूस्खलन और मलबे के चलते एनएच की हालत दयनीय हो गई थी। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सबसे खराब हालत नाहन शहर से बनोग और दोसड़का की ओर जाने वाली सड़क की है। वहीं जिन स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, वहां भी सड़क की स्थिति दयनीय है। टारिंग होने से अब सड़क की हालत फिर से सुधरेगी। हरिद्वार, देहरादून, औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब से राजधानी शिमला जाने के लिए यह सबसे सुगम रास्ता है।

कनिष्ठ अभियंता वीरबल ठाकुर ने बताया कि नाहन-शिमला नेशनल हाईवे 907 ए पर टारिंग का कार्य शुरू किया गया है। दोसड़का से बनेठी तक 20 किलोमीटर सड़क पर टारिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि बनेठी से शिल्ली तक टारिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। अक्तूबर महीने के अंत तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा

Originally posted 2021-10-03 23:56:29.
