Oct 18, 2024
POLITICAL NEWS

समीरपुर में गुरु-चेले की हुई सियासी मुलाकात

समीरपुर में गुरु-चेले की हुई सियासी मुलाकात, राणा ने पांव छूकर लिया धूमल का आशीर्वाद

 

देशआदेश

 

 

 

उपचुनाव में सुजानपुर और बड़सर से भाजपा के प्रत्याशी राजेंद्र राणा और इंद्रदत्त लखनपाल ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मुलाकात की। सालों बाद सियासी गुरु-चेले पूर्व मुख्यमंत्री धूमल और राजेंद्र राणा की मुलाकात हुई।

 

 

 

 

राणा ने पांव छूकर धूमल का आशीर्वाद लिया। समीरपुर में घर पर काफी देर तक राणा और लखनपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श किया।

 

 

 

पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि गिले शिकवे चलते रहते हैं। रूठों को मनाने का प्रयास होगा। प्रत्याशी भी रूठों को मनाएंगे और संगठन भी प्रयास करेगा।

 

 

भाजपा को जिताकर कमल खिलाया जाएगा। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र यदि नजदीक है तो बड़सर भी दूर नहीं है। भाजपा पर खरीद फरोख्त के आरोपों पर धूमल ने कहा कि दोनों राम भक्त विधायक कांग्रेस में निराश थे। कांग्रेस सरकार अपनी दस गारंटी पूरी नहीं कर पा रही है।
राणा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री धूमल से आशीर्वाद लेने वह समीरपुर पहुंचे थे। उन्होंने राजनीति पूर्व मुख्यमंत्री धूमल से सीखी है। लंबे समय तक उनके साथ रहे, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण वह अलग हो गए। भाजपा उनकी मूल पार्टी रही है।

दूसरे दल के लोगों को सम्मान देना धूमल से सीखा : लखनपाल

इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि भाजपा के कुनबे को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री धूमल उनके मार्गदर्शक रहे हैं। दूसरी पार्टी के लोगों को कैसे मान सम्मान देना है यह बात उन्होंने पूर्व सीएम धूमल से सीखी है।