किसानों का प्रदर्शन आज, चंडीगढ़ के 18 एंट्री पॉइंट सील,
किसानों का प्रदर्शन आज, चंडीगढ़ के 18 एंट्री पॉइंट सील, 1200 जवान तैनात; कई नेता हिरासत में-कुछ नजरबंद



पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से तल्खी के बाद संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की अगुवाई में किसान आज चंडीगढ़ में पक्का लगाने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ कूच करेंगे।

सीएम मान ने चेतावनी दी है कि पंजाब को धरना स्टेट बना रखा है। मोर्चे में आने वाले किसानों को हिरासत में लिया जाएगा। चंडीगढ़ पुलिस ने भी पंजाब के साथ लगते 18 एंट्री पॉइंट को सील कर दिया है, जहां 1200 जवानों को तैनात किया गया है, जबकि संयुक्त किसान मोर्चा ने साफ कर दिया है कि मोर्चा ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ हर हाल में चंडीगढ़ कूच करेगा। सरकार जहां भी उनको रोकेगी, वे धरने पर बैठ जाएंगे।
एसकेएम के पक्के मोर्चे के एलान को देखते सोमवार देर रात से ही पंजाब पुलिस ने किसान नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी, जो मंगलवार को पूरा दिन जारी रही।
इस दौरान किसान नेताओं को घरों से हिरासत में ले लिया गया, जबकि कुछ को नजरबंद भी कर दिया गया। पुलिस कार्रवाई को देखते हुए अधिकतर किसान नेता अंडरग्राउंड हो गए।
मोर्चे के मुताबिक बलबीर सिंह राजेबाल समेत उनके 9 नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। इनमें रुलदू सिंह मानसा, जंगवीर सिंह चौहान, गुरमीत सिंह भाटीवाल, नछत्तर सिंह जैतों, वीरपाल सिंह ढिल्लों, बिंदर सिंह गोलेवाल, गुरनाम भीखी और हरमेश सिंह ढेसी शामिल हैं।