स्टाफरूम में महिला अध्यापिका से छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप, शिकायत दर्ज
देशआदेश
पुलिस थाना पुरूवाला के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में कार्यरत एक महिला सरकारी अध्यापिका ने अपने ही सहकर्मी पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर संबंधित विभाग व पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता शिक्षिका निवासी गांव व डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शिवपुर में तैनात हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि विद्यालय में कार्यरत प्रवक्ता (लेक्चरर, फिजिक्स) पिछले काफी समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं, छेड़छाड़ करते हैं तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां करते रहे हैं।
शिकायत के अनुसार आरोपी कई बार मिलने पर उनके शरीर को अनुचित तरीके से छूता रहा। विरोध करने पर कथित तौर पर वह कहता था तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। मेरी पहुंच ऊपर तक है।
महिला अध्यापिका ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि 25 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 8:48 बजे जब वह स्टाफरूम में अपना सामान रखने जा रही थीं, तब आरोपी वहां आया और उनके साथ बदसलूकी की। आरोप है कि उसने अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब उन्होंने विरोध किया तो स्टाफ के अन्य सदस्यों के सामने आरोपी ने उन्हें थप्पड़ भी मारे।
पीड़िता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है और उचित कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत संबंधित विभाग व पुलिस प्रशासन को सौंप दी गई है।

स्कूल प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह धीमान ने कहा कि मुझे आज ही ज्ञात हुआ
जांच का विषय है।
उस के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
उधर, एसपी निश्चित सिंह नेगी पुष्टि करते हुए कहा कि कार्रवाई शुरू कर दी है।
