वन विभाग की गश्ती टीम ने की कार्रवाई, मृत गोह बरामद; वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
देशआदेश
। राजबन क्षेत्र के जंगल में वन विभाग ने अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार गोह (मॉनिटर लिजर्ड) के शिकार के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गोल्डी, गुज्जर और अंजा के रूप में हुई है।
वन मंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। उनके कब्जे से चार मृत गोह बरामद की गईं। इसके बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर रेंज कार्यालय तारुवाला लाया गया।

वन विभाग के एसीएफ आदित शर्मा ने बताया कि राजबन के जंगल में तीनों आरोपियों को गोह का शिकार करते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने लोगों से वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करने तथा अवैध शिकार की किसी भी सूचना की तुरंत विभाग को जानकारी देने की अपील की है।
