Sep 16, 2024
HIMACHAL

प्री मानसून शुरू, तीन दिन भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल में प्री मानसून शुरू, तीन दिन भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट

हिमस्खलन की चपेट में आने से 100 भेड़ाें की मौत

न्यूज़ देशआदेश

 

हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून शुरू हो गया है। 26 जून के बाद मानसून के पहुंचने का पूर्वानुमान है।

बीते वर्ष सामान्य से दो दिन देरी से 28 जून को मानसून ने प्रवेश किया था। प्रदेश में तीन दिन भारी बारिश व अंधड़ चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में 24 जून को भारी बारिश व अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है। वहीं, 25 व 26 जून के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, गुरुवार सुबह 10:30 के बाद राजधानी शिमला में झमाझम बारिश हुई। शहर ने धुंध की सफेद चादर ओढ़ ली है। पूरे प्रदेश में 27 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना है।

वहीं बुधवार रात को जोगिंद्रनगर में 67, कटौला 52, पंडोह 36, भराड़ी 22, बैजनाथ 18, भरवाईं 15, रामपुर 9, ऊना 7, काहू 6 और सुंदरनगर में पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उधर, मैदानी भागों में उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

हिमस्खलन की चपेट में आने से 100 भेड़ाें की मौत

उधर, लाहौल को चंबा से जोड़ने वाले कुगती टॉप के समीप हिमस्खलन से उसकी चपेट में आने से 100 भेड़ाें की मौत हो गई, जबकि 60 जख्मी हो गईं। वहीं, लाहौल घाटी के रांगवे नाले में शाम 6:30 बजे अचानक जलस्तर बढ़ने से केलांग-उदयपुर मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया।

इससे नाले के आर-पार 150 से ज्यादा वाहन फंस गए। सीमा सड़क संगठन मार्ग बहाली के कार्य में जुट गया है।

जनजातीय क्षेत्र लाहौल को चंबा से जोड़ने वाले कुगती टॉप के समीप हिमस्खलन  से भेड़पालकों को लाखों का नुकसान हुआ है। घटना दो दिन पहले की है। उस क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल नहीं होने से भेड़पालक किसी को इसकी सूचना नहीं दे पाए।

 

गुरुवार को भेड़पालकों ने घटना की जानकारी अपने परिजनों, भरमौर के विधायक जनक राज और प्रशासन को दी।

भरमौर के भेड़पालक राहुल शर्मा ने कहा कि सुनील कुमार, जोगिंद्र कुमार, संसार चंद, फौजा और गुला 1,250 भेड़-बकरियां लेकर लाहौल की तरफ आ रहे थे।

इस बीच कुगती की तरफ से हुए हिमस्खलन ने 160 भेड़-बकरियों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे 100 भेड़ों की मौत हो गई और 60 से अधिक जख्मी हैं।

उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में इस बार सामान्य तारीख 26 जून को मानसून पहुंचने के आसार जताए हैं।