Sep 8, 2024
Latest News

ड्यूटी से नदारद वन रक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी

ड्यूटी से नदारद वन रक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी

देशआदेश

 विकास खंड सलूणी में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले वन रक्षक को वन विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

तीन दिन के भीतर वन रक्षक को स्पष्टीकरण देना होगा। अन्यथा, विभाग उसके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई कर सकता है। वन रक्षक पर आरोप है कि उसकी लापरवाही के कारण डियुर जंगल में देवदार के दो पेड़ों का अवैध कटान हुआ है।

आरोप है कि वन रक्षक ड्यूटी से नदारद था। इसका फायदा उठाकर वन काटुओं ने जंगल में अवैध कटान किया।
इसको लेकर जब स्थानीय लोगों ने वन खंड अधिकारी से शिकायत की तो वह मामले की जांच करने के लिए डियुर जंगल गए। वन रक्षक की ड्यूटी को लेकर जांच की।
इसमें पता चला कि वन रक्षक कई दिनों से ड्यूटी से गायब चल रहा था।
उन्होंने इसकी रिपोर्ट बनाकर वन परिक्षेत्र अधिकारी को सौंप दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने इसको लेकर वन मंडल अधिकारी को सूचित किया।
उन्होंने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए सबसे पहले वन रक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वयं जंगल का औचक निरीक्षण करने की बात कही है।
वीरवार को वन मंडल अधिकारी अन्य अधिकारियों के साथ डियुर जंगल में हुए अवैध कटान का मुआयना करेंगे। इसके बाद वह आगामी कार्रवाई को अंजाम देंगे।
फिलहाल, वन रक्षक को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि वन रक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन के भीतर वन रक्षक को स्पष्टीकरण देना होगा।

जंगल में काटे गए देवदार पेड़ों का मुआयना करने के लिए वह स्वयं औचक निरीक्षण करेंगे।
इस मामले में विभाग पूरी गंभीरता के साथ जांच कर रहा है। ड्यूटी में लापरवाही किसी प्रकार से बर्दाश्त नहीं की जाएगी।