Sep 16, 2024
CRIME/ACCIDENT

वृद्धा की हत्या में बेटा-बहू और पौत्र गिरफ्तार

वृद्धा की हत्या में बेटा-बहू और पौत्र गिरफ्तार

बीती 18 फरवरी से लापता गांव सुढल निवासी 68 वर्षीय नीलम की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके बेटे राकेश कुमार, पुत्रवधू सुमन व पोते सागर पर है। किसी को शक न हो, इसलिए पोते सागर ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है।

 

यमुनानगर के थाना फर्कपुर में दो मार्च को सागर ने अपनी दादी नीलम देवी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सागर ने शिकायत में कहा था कि उसके माता-पिता बाहर रहते हैं।

 

 

गांव में उसकी दादी नीलम देवी ही अकेली रह रही थीं। दादी से 16 फरवरी को उसकी बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। वह उनको देखने के लिए घर पर भी आए लेकिन वह नही मिलीं।

 

 

 

इसके बाद सभी रिश्तेदारियों में पता किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर केस की जांच शुरू कर दी थी।

 

 

 

 

 

पुलिस की जांच में सामने आया है कि संपत्ति को लेकर हुए विवाद में वृद्धा की हत्या की गई और शव को नहर में फेंक दिया था।

 

 

 

 

थाना प्रभारी जनक राज ने वृद्धा की हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।