Sep 16, 2024
HIMACHAL

हिमाचल में धान बेचने के लिए मारामारी, देर रात तक होती रही खरीदारी

 

कृषि विभाग के पोर्टल पर प्रदेश के 6 हजार से ज्यादा किसानों ने किया आवेदन, बारी-बारी करके धान लाने के लिए कहा

न्यूज़ देश आदेश नालागढ़

हिमाचल में पहली बार हो रही धान की खरीद में किसानों में भारी उत्साह है। पहले दिन हिमाचल की सात मंडियों में धान बेचने वाले किसानों की कतारें लगी रहीं। किसानों को सरकार ने फसल बेचने के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान की है। इसके लिए किसान को स्लॉट बुक करना होगा। सरकार ने रात 10 बजे तक धान खरीदने का फैसला लिया है। किसी भी किसान का धान बरबाद नहीं जाएगा।

प्रदेश सरकार और फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया किसानों से खरीद करेगा।

कृषि विभाग के पोर्टल पर प्रदेश के 6 हजार से ज्यादा किसानों ने धान बेचने के लिए आवेदन किया है। बारी बारी करके किसानों को धान लाने के लिए कहा जा रहा है। शनिवार से खाद्य आपूर्ति विभाग और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ऑनलाइन किसानों के खाते में पैसे भेजना शुरू कर देगा। किसानों से 1940 रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीद की जाएगी। ए ग्रेड का धान 1960 रुपये क्विंटल खरीदा जाएगा। मुख्य सचिव रामसुभग सिंह ने खाद्य आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि वह हिमाचल में हर किसानों के धान की खरीद करे।

 

हिमाचल से कोई भी किसान धान बेचने के लिए बाहरी राज्यों में नहीं जाएगा। हिमाचल में पहली बार धान की खरीद हो रही है। कृषि विभाग ने खाद्य आपूर्ति विभाग को 54 हजार मीट्रिक टन धान की स्टोरेज क्षमता करने के लिए कहा है। खरीद इससे ज्यादा ही होगी।

हिमाचल में पांवटा, ऊना, नालागढ़, रियाली फतेहपुर, अनाज मंडी फतेहपुर, त्यौरा इंदौरा मंडियों में धान की खरीद होगी। कोरोना के चलते मंडियों में भीड़ न हो, इसके चलते सरकार ने प्रतिदिन 25 से 50 तक स्लॉट बुक करने का फैसला लिया है।

Originally posted 2021-10-15 23:09:22.