अम्बोया विद्यालय का सीबीएसई के लिए चयन,
क्षेत्र में खुशी की लहर
नए सत्र 2026-27 से सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत होंगे प्रवेश, 1 अप्रैल से दाखिले शुरू
देशआदेश अंबोया:
केंद्रीय बोर्ड ऑफ सेकेंडरी शिक्षा (सीबीएसई) के लिए राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अम्बोया का चयन होना पूरे गिरिपार क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम हर वर्ष सराहनीय रहा है और प्रतिवर्ष 30 से 40 विद्यार्थी बोर्ड की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करते हैं।
सीबीएसई से संबद्ध होने के बाद विद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। विद्यार्थियों को एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम, प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा नियमित अध्यापन, डिजिटल कक्षाएं, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं तथा विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों का लाभ मिलेगा। इससे उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नवनीत कुमार, पूर्व पंचायत प्रधान सुनीता शर्मा, जयपाल शर्मा, दिनेश शर्मा रयान, निशिकांत मेहता, जयप्रकाश शर्मा, अनुज भंडारी, रितेश मेहता, रघुवीर शर्मा, दौलत राम, संदीप मेहता, कमलेश चौहान, धर्म सिंह आदि ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। विद्यालय में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। हम सभी के सहयोग से विद्यालय को उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
विद्यालय में लगभग 20 गांवों के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं। नए शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए सीबीएसई के तहत प्रवेश प्रक्रिया 1 अप्रैल से प्रारंभ होगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि अंग्रेजी, विज्ञान एवं गणित जैसे प्रमुख विषयों में मजबूत बुनियादी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।
विद्यालय परिवार को पूर्ण विश्वास है कि सीबीएसई के नए पाठ्यक्रम के साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से अपील है कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और विद्यालय परिवार का हिस्सा बनें।
