सौतेले बाप ने गला घोंटकर कर दी ढाई साल के बेटे की हत्या,
आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर से सटे सलोगड़ा में एक सौतेले बाप ने ढाई साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपी का कुछ दिन पहले अपनी पत्नी और उसके पहले पति के साथ बेटे के पालन-पोषण को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया है। हत्या के बाद आरोपी ने इसे सामान्य मौत बताने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों और सगे पिता के संदेह जताने पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच की। जांच में हत्या की बात सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सोलन के पुलिस अधीक्षक टी साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि आरोपी राज थापा निवासी नेपाल से पूछताछ की जा रही है। जांच में पाया गया कि लगभग 10-12 दिन पहले आरोपी, उसकी पत्नी तारा देवी और उसके पहले पति राजेंद्र महत के बीच बच्चे के पालन-पोषण को लेकर विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया जांच में यह पाया गया है कि रंजिश के चलते 28 फरवरी को आरोपी राज थापा ने बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी।
ऐसे हुआ खुलासा
28 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि सलोगड़ा में ढाई साल के नेपाल मूल के एक बच्चे की मौत हो गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शाम लगभग 5:00 बजे बच्चा आंगन में खेलते समय गिर गया, उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वे शव को सलोगड़ा ले आए। इसके बारे में आरोपी ने अपनी पत्नी के पहले पति को भी सूचित किया, जिसके बाद वह भी सलोगड़ा पहुंचा। 1 मार्च को सुबह जब बच्चे के शव को दफनाने के लिए ले जाया जा रहा था, तब कुछ लोगों ने बच्चे की मौत पर संदेह जताया और पुलिस बुलाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच बच्चे को शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की मौत सामान्य नहीं हुई है। इसके बाद बच्चे के सगे पिता ने सोलन पुलिस थाने में सौतेले बाद के खिलाफ बच्चे की हत्या का केस दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच कर आरोपी को पकड़ा।
