हत्या मामले की सीडीआर रिपोर्ट में, मौके पर मौजूद नहीं था सह-आरोपी
18 फरवरी 2026 को पुरुवाला थाना का मामला, पत्थर क्रशर के पास युवक की मौत मामले में मनीष को जमानत
देशआदेश/नाहन ।
गिरि नदी के किनारे स्थित एक स्टोन क्रशर के पास युवक की संदिग्ध मौत के मामले में अदालत ने तहसील कमरऊ निवासी आरोपी मनीष को जमानत दे दी है। जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों से भी यह सामने आया कि मनीष घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।
मामला पुरुवाला थाना में 18 फरवरी 2026 को दर्ज है। पुलिस की टीम को जगमोहन स्टोन क्रशर के पास पांवटा साहिब निवासी विकास उर्फ ध्रुव का शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था।
मृतक के पिता ने पुलिस को दिए बयान में मनीष और नीरज पर शक जताया था। उन्होंने बताया कि घटना से एक रात पहले उनका बेटा इन दोनों के साथ देखा गया था और तीनों ने साथ में शराब पी थी। जांच के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर, घटनास्थल और अन्य सबूत जुटाए।
पूछताछ में सह-आरोपी नीरज ने बताया कि शराब के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और तेज रफ्तार ट्रैक्टर से गिरने के कारण विकास की हालत बिगड़ गई। बाद में वह उसे वहीं छोड़कर चला गया।


हालांकि, मनीष ने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि वह घटना के समय घर पर था। अदालत ने तथ्यों को देखते हुए वीरवार को मनीष को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके व एक जमानती सहित अन्य शर्तों पर रिहा करने का आदेश दिया।

