हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष, ट्रालों पर कार्रवाई की उठाई मांग
नेशनल हाईवे-07 चंडीगढ़-देहरादून पर शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक 27 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। युवती की पहचान शिवानी पुत्री गंभीर सिंह, निवासी मैनथापल, कालाअंब के तौर पर हुई है।
बताया रहा कि युवती का परिवार मध्य प्रदेश से संबंध रखता है और पिछले कई सालों से मैनथापल में किराये पर रह रहा है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे शिवानी हर रोज की तरह घर से काम पर जाने के लिए अपने पिता गंभीर सिंह के साथ स्कूटी पर निकली। स्कूटी उसके पिता चला रहे थे।
घर से लगभग 400 मीटर की दूरी पर ओगली क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक हरियाणा नंबर के ट्राले ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी पर पीछे बैठी युवती ट्राले की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता दूसरी ओर गिरे और बाल बाल बचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतका के पिता आंखों के सामने बेटी का शव देखकर बिलख उठे।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने प्रारंभिक जानकारी में युवती को कॉलेज की छात्रा बताया लेकिन बाद में पता चला कि युवती सुकेती रोड पर स्थित एक उद्योग में कार्यरत थी।

सूचना ये भी मिली है कि जिस जगह हादसा हुआ उस जगह विपरीत दिशा में एक अन्य ट्राला खड़ा था, जिसको हादसे की वजह बताया जा रहा है। बहरहाल, हादसे की सूचना कालाअंब पुलिस थाना को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जहां मृतका का पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।

हैरत की बात है कि इन ट्रालों पर पीछे की तरफ नंबर प्लेट तक नहीं होती और यदि होती है तो वो फर्जी होती है। लोगों ने मांग की कि इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसा हादसा न हो।
