Sep 19, 2024
HIMACHAL

हिमाचल में दो दिन भारी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का अलर्ट, 2 मई तक खराब रहेगा मौसम

हिमाचल में दो दिन भारी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का अलर्ट, 2 मई तक खराब रहेगा मौसम

देशआदेश

 

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम मिलाजुला रहा। जिला सिरमौर के हरिपुरधार में ओलावृष्टि हुई। राजधानी शिमला में कुछ देर बादल झमाझम बरसे। ऊना में धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

नेशनल हाईवे 305 आनी-कुल्लू पर छह घंटे यातायात ठप रहा। गुरुवार रात करीब 3:00 बजे घियागी और सोझा के बीच अछरू देवता मंदिर के पास हाईवे पर विशालकाय पेड़ के साथ चट्टानें और मलबा गिर गया। लोगों को सुबह 9:00 बजे तक हाईवे खुलने का इंतजार करना पड़ा।

 

फंसे हुए वाहनों में आनी से कुल्लू आ रही निगम की एक बस भी थी। किन्नौर में काफनू-यांगपा सड़क में भूस्खलन होने से दो पंचायतों का संपर्क कट गया है। भूस्खलन से सड़क का डंगा ढह गया। तांगलिंग गांव में भूस्खलन से सेब बगीचों को नुकसान हुआ है।

हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार शाम चार बजे के बाद भारी ओलावृष्टि हुई। राजधानी शिमला में दोपहर ढाई बजे तक मौसम साफ रहा। करीब एक घंटा शहर में बादल बरसे। शाम को फिर मौसम साफ हो गया। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली।

 

चार दिनों तक मौसम रहेगा खराब

प्रदेश में चार दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 2 मई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है।

1 और 2 मई को प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश, अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है।