Feb 7, 2025
HIMACHAL

हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश तक की कार्यकारिणी होगी भंग

 हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश तक की कार्यकारिणी होगी भंग, नई नियुक्तियां करने का मांगा अधिकार

Himachal Congress state executive will be dissolved demanded the right to make new appointments

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की ब्लॉक से लेकर प्रदेश तक की कार्यकारिणी को भंग करने की तैयारी है। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने हाईकमान को पत्र लिखकर पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नए सिरे से गठन की मंजूरी मांगी है। संगठन में निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नई नियुक्तियां करने का हाईकमान से अधिकार मांगा है।

करीब ढाई साल पहले अध्यक्ष बनीं प्रतिभा सिंह ने अभी तक संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव नहीं किया है। संगठन के कई बड़े पदाधिकारी पार्टी छोड़कर भाजपा में भी शामिल हो चुके हैं।

विधानसभा चुनाव से तीन साल पहले प्रतिभा ने संगठन की मजबूती के लिए काम शुरू कर दिया है। सत्तारुढ़ दल को कैसे मजबूत किया जाए, इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ मिलकर अध्यक्ष ने अभी से काम करना शुरू कर दिया है।
बीते दिनों दिल्ली दौरे पर गईं प्रतिभा ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ इस मामले पर चर्चा भी की है। अब हाईकमान को पत्र लिखकर नई कार्यकारिणी के गठन की मंजूरी मांगी है।
मंजूरी मिलते ही निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी कर उनकी जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को अधिमान दिया जाएगा। युवाओं के साथ अनुभवी नेताओं को बड़ी जिम्मेवारियां सौंपी जाएंगी।
पार्टी को सक्रिय और मजबूत करने के लिए फेरबदल की आवश्यकता है। हाईकमान से पूरी कार्यकारिणी भंग कर नए पदाधिकारी बनाने की मंजूरी मांगी है। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा- प्रतिभा सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

 

सरसों तेल के बाद अब सिरका बिगाड़ रहा सेहत, सैंपल फेल; कंपनी को नोटिस

 

 

सोयाबीन और सरसों तेल के बाद अब सेहत सुधारने वाला एप्पल साइडर विनेगर का सैंपल भी असुरक्षित निकला है। एप्पल साइडर विनेगर भी सोलन की नामी कंपनी तैयार कर रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी कर दिया है। वहीं, दस्तावेज भी प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इसी के साथ ब्लैक ग्रेप्स जैम और कीवी ड्रिंक का सैंपल भी मिस ब्रांडेड आया है। विभाग की ओर से बीते दिनों इन खाद्य पदार्थों के सैंपल बीबीएन और कुनिहार क्षेत्र से भरे थे।

इन सैंपलों की जांच सीटीएल कंडाघाट और चंडीगढ़ में हुई। इसमें से तीन सैंपलों की रिपोर्ट फेल हो गई है। विभाग की ओर से तीनों को 30 दिन का समय दिया है। इसके बाद मामले को कोर्ट में पेश किया जाएगा। त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सैंपल भर रही है। बीबीएन और अन्य क्षेत्रों में टीम की ओर से दुकानों में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी के साथ खाद्य पदार्थों का उत्पादन करने वाली कंपनियों में भी टीम दबिश दे रही है। खुले ही नहीं बल्कि डिब्बा बंद खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं।
त्योहारी सीजन में इन खाद्य पदार्थों के भरे सैंपल
त्योहारों में लोगों की सेहत से कोई खिलवाड़ न हो इसे लेकर टीम ने कमर कसी हुई है। अभी तक जिले के विभिन्न जगहों से काला चना, घीया सब्जी, हींग, ब्लैक साल्ट पाउडर, वनस्पति घी, पान मसाला, गाय घी, वर्मिसली, घी, चावल, वन पनीर पकौड़ा मेरीनेशन, डोडा बर्फी, सोहन पापंड़ी, पनीर चीज, चमचम स्वीट, मोती चूर लड्डू, बर्फी, पिस्ता बर्फी, सरगुल्ला, बेसन बर्फी और मिलाई बर्फी के सैंपल भरे हैं। इनकी रिपोर्ट आगामी दिनों में विभाग के पास आएगी।

विनेगर का सैंपल असुरक्षित आया है। विभाग की ओर से नोटिस भेज दिया है। इसी के साथ 24 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आगामी दिनों में आ जाएगी। -अरुण चौहान, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग, सोलन।