सत्य श्री पब्लिक स्कूल के छात्र पार्थ शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर गेट परीक्षा में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड में साइंटिफिक ऑफिसर के पद पर चयनित
देशआदेश पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत सत्य श्री पब्लिक स्कूल, पिपलीवाला के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के होनहार छात्र पार्थ शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित गेट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड में साइंटिफिक ऑफिसर के पद पर चयनित होकर विद्यालय, माता-पिता एवं पूरे पांवटा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इसके अतिरिक्त विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित होकर सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। हिमांशु चौधरी का चयन आईटीबीपी, तुषार का सेंट्रल बैंक, जबकि हर्ष, नीरज एवं परमजीत का भारतीय सेना में चयन हुआ है।
इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य अक्षय कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि यह क्षण विद्यालय के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने भी छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
