दो दिन अंधड़ और बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम केंद्र शिमला ने 24 और 25 अप्रैल को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है। 26, 27 को मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा जबकि 28, 29 को फिर बारिश बर्फबारी का यलो अलर्ट है। 26 को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में अंधड़ के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।


मौसम विभाग के अनुसार किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है। चंबा और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग के अनुसार मई के शुरुआत में भी मौसम खराब रहेगा। 1 से 7 मई के बीच ऊंचे और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है जबकि मैदानों में छिटपुट बारिश के आसार हैं।
स्कूली छात्रा पर पर हमला करने वाला रिमांड पर भेजा
ढली थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूली छात्रा पर रास्ता रोककर पत्थर से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को वीरवार को अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
आरोपी अक्षय से पूछताछ के बाद ही उसकी हमला करने की मंशा का खुलासा हो पाएगा। इस तरह की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र से बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ाई करने के लिए जाते हैं। इसको लेकर लोगों ने अपनी चिंताएं एसपी के समक्ष भी उठाई थीं।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। मामला मंगलवार दोपहर का है जब छात्रा स्कूल से घर आ रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका रास्ता रोककर उसके सिर पर पत्थर से जोरदार हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं। कुछ दूरी पर जा रहे छात्रों के यहां पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गया और इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए आईजीएमसी पहुंचाया गया।
मामले की सूचना मिलते ही बुधवार को पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। यहां पर लोगों और परिजनों ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने आनन-फानन में रात को आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इस मामले में संजौली थाने में हत्या के प्रयास की धाराओं के साथ ही अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि युवती के बयान दर्ज होने के बाद होने के बाद ही घटना के समय क्या हुआ इसको लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि अदालत ने आरोपी को तीन दिन का रिमांड दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है।

