Jul 27, 2024
POLITICAL NEWS

CM Jairam Thakur: पहाड़ नहीं चढ़ पाएगी आम आदमी पार्टी

CM Jairam Thakur: पहाड़ नहीं चढ़ पाएगी आम आदमी पार्टी

AAP को साठ, भाजपा को मिलेंगी आठ सीटें:सत्येंद्र जैन

देशआदेश नई दिल्ली/राजगढ़

सार
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि वे पहाड़ नहीं चढ़ पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को नई दिल्ली में कहा कि आम आदमी पार्टी का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है, यह दुष्प्रचार करती है। मुख्यमंत्री ने आप पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि वे पहाड़ नहीं चढ़ पाएंगे। हिमाचल के बारे में राजनीतिक दूरदृष्टि के अभाव के कारण हाल ही में आप पार्टी की राज्य इकाई को भंग किया गया है। पंजाब का राजनीतिक परिदृश्य हिमाचल से अलग है और लोग आप पार्टी के झूठे वायदों में नहीं आएंगे।

जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में हरियाणा के सीएम से भी भेंट की
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने रविवार को नई दिल्ली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी भेंट की। खट्टर से उनकी यह शिष्टाचार भेंट थी। उन्होंने इस दौरान अन्य मसलों पर भी चर्चा की।

आप को 60, भाजपा को मिलेंगी आठ सीटें, कांग्रेस दौड़ में नहीं : सत्येंद्र
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रभारी सत्येंद्र जैन ने कहा कि विस चुनाव में कांग्रेस दौड़ से बाहर है। आप को 60 और भाजपा को आठ सीटें मिलेंगी। रविवार को राजगढ़ के नेहरू मैदान में जनसभा में उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में लगातार घोटाले हो रहे हैं। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले ने युवाओं का भविष्य खराब कर दिया। सरकार इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता एक दल से दुखी होकर दूसरे दल की सरकारें पिछले कई दशकों से चुनती आ रही है।

इसलिए एक बार भाजपा और दूसरी बार कांग्रेस की सरकारें बनने का क्रम चला आ रहा। इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता के पास ऐसा सशक्त विकल्प है कि वह इन दोनों को एक साथ हराकर आम आदमी पार्टी की सरकार बनाए। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए आप नेता अरविंद केजरीवाल की नकल करने का आरोप लगाया।

इस मौके पर आप के नेता मनीष ठाकुर, धावक सुनील शर्मा, गीता सिंह, करतार सिंह ग्रेवाल, पच्छाद के अध्यक्ष अजय वर्मा मौजूद रहे।