Jul 27, 2024
HIMACHAL

हिमाचल में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, चार दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार

हिमाचल में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, चार दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार

जल्द दस्तक दे सकता है मानसून, आज बारिश के अलावा अंधड़ का चलने का येलो अलर्ट भी जारी

न्यूज देशआदेश

हिमाचल प्रदेश में चार दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 28 जून से 1 जुलाई तक बारिश व कई भागों में अंधड़ चलने की संभावना है। 28 जून को कई भागों में बारिश के अलावा अंधड़ का चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 29 और 30 जून को भारी बारिश-अंधड़ चलने का अलर्ट है। एक जुलाई को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

वहीं, सोमवार सुबह राजधानी शिमला व आसपास भागों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा जिले के कई भागों में भी हल्की बारिश हुई। राज्य सरकार ने आने वाले दिनों में मानसून की दस्तक की संभावना को देखते हुए जिलों के अधिकारियों को इसके लिए तैयारी करने के लिए कहा है। मुख्य सड़कों के बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त करने को कहा है।

24 से 48 घंटों के भीतर पहुंचेगा मानसून

प्रदेश में मंगलवार को मानसून प्रवेश कर सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कुछ जिलों में 24 से 48 घंटों के भीतर दक्षिण पश्चिम मानसून के पहुंचने का पूर्वानुमान जताया है। वर्ष 2021 में 13 जून को मानसून हिमाचल पहुंचा था। सामान्य से 13 दिन पहले दक्षिण पश्चिम मानसून ने हिमाचल में दस्तक दी थी। 10 फीसदी कम बारिश के साथ हिमाचल प्रदेश से आठ अक्तूबर 2021 को मानसून विदा हुआ था।
बीते वर्ष सामान्य से 14 दिन बाद मानसून की विदाई हुई थी

इस वर्ष जून में अभी तक सामान्य से 51 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। एक से 27 जून तक प्रदेश में 41 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि इस अवधि में 84 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 29 व 30 जून को बिलासपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भारी बारिश की संभावना है।