Sep 16, 2024
POLITICAL NEWS

तबादलों से नाराज विधायक रवि ने सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को लिखा पत्र

तबादलों से नाराज विधायक रवि ने सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को लिखा पत्र

न्यूज़ देशआदेश

 

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में अधिकारियों के तबादलों से नाराज विधायक रवि ठाकुर ने सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को पत्र लिखा है। कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे पत्र को उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी सार्वजनिक किया है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि रवि ठाकुर उन्हें विश्वास में लिए बगैर हुए अधिकारियों के तबादले से नाराज चल रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और पंचायती राज संस्थाओं के दबाव के बाद रवि ठाकुर के बाद यह मुख्यमंत्री सुखबिंद्र सिंह सुक्खू की बजाय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाम लिखा।

 

ऐसे में सरकार के साथ रवि ठाकुर की अनबन होने की भी चर्चा चल रही है। रवि ठाकुर ने पत्र में लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र से तीनों एसडीएम, डीएफओ, दो बीडीओ, दो तहसीलदार और नायब तहसीलदार के तबादले होने का मामला उठाया है। इनमें से सिर्फ डीएफओ का पद ही भरा गया है।

सूत्र बताते हैं कि वह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भी यह मामला उठा चुके हैं लेकिन अभी तक खाली पड़े पदों को नहीं भरा गया। जिससे क्षेत्र के कार्य ठप पड़ गए हैं।

रवि ठाकुर ने साफ लिखा है कि अगले वर्ष लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे देखते हुए उनके चुनाव क्षेत्र में अधिकारियों के खाली पदों को शीघ्र भरा जाना चाहिए। इन पदों के खाली होने से लोगों में रोष है।

जिले के केलांग, उदयपुर और काजा के तीन एसडीएम में से एक भी पद नहीं भरा गया है।

इससे जनता के कार्य लटक गए हैं। बीडीओ और तहसीलदार के बगैर भी कार्य प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने इसी पत्र में प्रतिभा सिंह से मयाड़ नाला में एंबुलेंस सेवा मुहैया करवाने की भी मांग उठाई है।

विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि मामला मुख्यमंत्री से भी उठाया है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से भी मिले थे। उन्हें भी पत्र लिखा गया है।