कंकड़ का शिकार कर मांस बेचने वाला आरोपी 10 फरवरी तक न्यायिक हिरासत
देशआदेश हिमाचल
वन विभाग ने कंकड़ का अवैध शिकार कर उसका मांस बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीएफ आदित्य शर्मा ने बताया कि आरोपी को पहले तीन दिन की वन हिरासत में रखा गया, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे 10 फरवरी 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस मामले में आदित्य शर्मा (एसीएफ) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कुकरों के जंगल में अवैध रूप से प्रवेश कर एक पेड़ पर बैठकर कंकड़ का शिकार किया। जंगली जानवर को मारने के बाद उसे पहले कंबल में लपेटा गया और थोड़ी दूरी पर जंगल में साल के पत्तों के ढेर के अंदर छुपाया गया और फिर सारा का सारा आरोपी अपने घर किशनकोट ले गया।

वन विभाग की टीम ने आरोपी के किशनकोट स्थित घर पर छापा मारकर मांस तौलने की कांटा मशीन, पैकेट बनाने में इस्तेमाल होने वाली थैलियां और अन्य सामग्री बरामद की। इसके अलावा कंकड़ के शव से कारतूस के छर्रे भी मिले हैं, जिससे अवैध शिकार की पुष्टि हुई है।
एसीएफ ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। जांच टीम आरोपी को जंगल के घटनास्थल पर ले जाकर मौके से संबंधित अहम जानकारियां जुटा रही है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और व्यापार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
