यूपी- उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत मिलने से भाजपा कार्यकर्ता गदगद
न्यूज़ देशआदेश
उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पांवटा साहिब में भी जश्न मनाया। चुनावी परिणामों के भाजपा के पक्ष में आने के बाद पांवटा साहिब में कार्यकर्ताओं ने शहर में मिठाइयां वितरित की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाए और नाच-गाने का भी खूब दौर चला। इसी जीत की खुशी में खुशी में सभी कार्यकर्ताओं ने लोनिवि के पांवटा विश्राम गृह से पाल जूस होकर गीता भवन होकर पूरे बाजार में विजयी जुलूस निकाला। इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में मिठाई भी बांटी।
इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवानी वर्मा ने कहा कि ये विश्व में सर्वश्रेष्ठ पीएम नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार और राज्यों में बेहतरीन विकास की जीत है।
जनता को कांग्रेस और अन्य पार्टियों ने खूब बरगलाने के प्रयास किए, लेकिन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई है। डबल इंजन की सरकार सब पर भारी पड़ रही है। उत्तरप्रदेश में कई दशकों बाद मिशन रिपीट हुआ है।
वहीं, उतराखंड राज्य में भी मिशन रिपीट कर भाजपा ने एक नया इतिहास लिख दिया है। अब पड़ोसी राज्यों उत्तराखंड और यूपी की तर्ज पर हिमाचल में भी भाजपा मिशन रिपीट करेगी। इस प्रचंड जीत से हिमाचल भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष पवन चौधरी और भाजयुमो पांवटा मंडल अध्यक्ष चरनजीत सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा ने उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड राज्य में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। गोवा और मणिपुर में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर सीटें जीतने में अग्रणी रही है।
Originally posted 2022-03-10 23:43:18.
