Jul 27, 2024
Uncategorized

कांग्रेस ने तय किए किरनेश जंग समेत 35 प्रत्याशियों के नाम, 11 पर अभी सहमती नहीं

Himachal Election: कांग्रेस ने तय किए 35 प्रत्याशियों के नाम, 11 सीटों पर नहीं बनी सहमति

न्यूज़ देशआदेश

मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव कमेटी ने सभी 68 में से 46 विधानसभा सीटों पर मंथन किया। 46 में से 11 सीटों पर सहमति नहीं बन सकी।

 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव और राजस्थान में हो रहे हंगामे के बीच पार्टी आलाकमान ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 35 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव कमेटी ने सभी 68 में से 46 विधानसभा सीटों पर मंथन किया। 46 में से 11 सीटों पर सहमति नहीं बन सकी। प्रत्याशियों की घोषणा जल्द होगी।

सुबह 10:30 बजे शुरू हुई बैठक दोपहर 3:00 बजे तक चली। अब बाकी 33 सीटों पर प्रत्याशियों के चयन के लिए अक्तूबर के पहले सप्ताह में दोबारा स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में आम राय बनाने के बाद अंतिम मंजूरी के लिए नाम केंद्रीय चुनाव कमेटी को भेजे जाएंगे। मंगलवार को हुई बैठक में वर्तमान 20 विधायकों को दोबारा प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया गया। इनके अलावा तीन पूर्व मंत्रियों कौल सिंह ठाकुर को द्रंग, चंद्र कुमार को जवाली और प्रकाश चौधरी को बल्ह से टिकट देने पर सहमति बनी है।

पांच पूर्व विधायक रामकुमार चौधरी को दून, किरनेश जंग को पांवटा साहिब, सोहनलाल को सुंदरनगर, कुलदीप पठानिया को भटियात और राजेश धर्माणी को घुमारवीं से प्रत्याशी बनाया जाएगा। पच्छाद से दयाल प्यारी, झंडूता से विवेक कुमार, नगरोटा से रघुवीर सिंह बाली को चुनाव मैदान में उतारने पर सहमति बनी है। नाहन से अजय सोलंकी, कसौली से विनोद सुल्तानपुरी, चंबा सदर से नीरज नैय्यर और मनाली से भुवनेश्वर गौड़ पर दाव खेलने का फैसला लिया गया है।

 केंद्रीय चुनाव कमेटी ने ऐसे चेहरों को पहले चरण में प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया है, जिन्हें पार्टी जिताऊ मान रही है। पार्टी ने युवाओं और महिलाओं को भी अधिमान देने का फैसला लिया है। केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, अंबिका सोनी, दीपादास मुंशी, हिमाचल के पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश चुनाव समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री भी शामिल हुए। 

ये हैं कांग्रेस के वर्तमान विधायक
वर्तमान में कांग्रेस के 20 विधायक हैं। इनमें हरोली से मुकेश अग्निहोत्री, नादौन से सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नयनादेवी से रामलाल ठाकुर, सोलन से धनीराम शांडिल, डलहौजी से आशा कुमारी, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, बड़सर से इंद्र दत्त लखनपाल, पालमपुर से आशीष बुटेल, किन्नौर से जगत सिंह नेगी, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, कसुम्पटी से अनिरुद्ध सिंह, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी, रामपुर से नंदलाल, रोहड़ू से मोहनलाल ब्राक्टा, फतेहपुर से भवानी सिंह पठानिया, रेणुका से विनय कुमार, शिलाई से हर्षवर्धन चौहान और ऊना सदर से सतपाल सिंह रायजादा शामिल हैं।